तीन भारतीयों – रिलायंस इंडस्ट्रीज के मुकेश अंबानी, विप्रो के अजीम प्रेमजी और सन फार्मा के दिलीप सांघवी – विश्व के 50 सबसे अमीर लोगों की सूची में हैं। इस सूची में माइक्रोसाफ्ट के बिल गेट्स शीर्ष पर हैं।

बिजनेस इनसाइडर के साथ मिलकर तैयार की गई धनी लोगों की नई वेल्थ एक्स सूची में अंबानी को 24.8 अरब डॉलर के निवल मूल्य के साथ 27वां स्थान पर रखा गया है। प्रेमजी 16.5 अरब डॉलर के साथ 43वें पर है। सांघवी 16.4 अरब डॉलर के साथ इस सूची में 44वें स्थान पर हैं।

विश्व के 50 सबसे अमीर लोगों के पास कुल 1,450 अरब डॉलर की संपत्ति है जो आस्ट्रेलिया के कुल सकल घरेलू उत्पाद के बराबर है। इस सूची में शीर्ष पर बिल गेट्स (87.4 अरब डॉलर) हैं जिनके बाद स्पेन के व्यवसायी अमान्सियो आर्टेगा गाओना (66.8 अरब डॉलर) का स्थान है। इसमें अमेरिकी निवेशक वारेन बफे (60.7 अरब डॉलर) तीसरे स्थान पर हैं।

आमेजन के जेफ्री बेजोस 56.6 अरब डॉलर के निवल मूल्य के साथ चौथे वअमेरिकी कारोबारी डेविड कोच (47.4 अरब डॉलर) पांचवें सबसे अमीर व्यक्ति हैं। सूची में शामिल 29 अरबपति अमेरिका के हैं जबकि चीन के चार और भारत के तीन अरबपतियों ने इसमें अपनी जगह बनाई है।

फेसबुक के सह-संस्थापक 31 साल के मार्क जुकरबर्ग इस सूची में आठवें स्थान पर हैं जिनके पास 42.8 अरब डॉलर की संपत्ति है। सूची में सिर्फ चार महिला हैं। कारोबारी खंड के लिहाज से सूची में प्रौद्योगिकी क्षेत्र का दबदबा रहा।