Mukhyamantri Mahila Rojgar Yojana 2025: बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए को मिली बड़ी जीत के बाद विपक्ष ने आरोप लगाया कि वोटिंग से ठीक पहले महिलाओं के खातों में भेजे गए 10-10 हजार रुपये ने नतीजों पर असर डाला। और अब बिहार में आज (शुक्रवार, 27 नवंबर) को मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना (Bihar Mukhyamantri Mahila Rojgar Yojana 2025) के तहत जीविका दीदियों को 10 हजार रुपये की किस्त जारी की जाएगी।
सूत्रों के अनुसार, इस योजना के तहत शुक्रवार को 10 लाख लाभार्थी महिलाओं के बैंक खातों में 10-10 हजार रुपये ट्रांसफर किए जाएंगे। अब तक करीब 1 करोड़ 40 लाख जीविका दीदियों को इस योजना का लाभ मिल चुका है। हालांकि, अभी भी कई पात्र महिलाएं ऐसी हैं जिन्हें यह आर्थिक सहायता नहीं मिल पाई है और सरकार जल्द उन्हें भी लाभ पहुंचाने की प्रक्रिया कर रही है।
पीएम मोदी के हाथ में चमकती दिखी ‘मेड इन इंडिया वॉच’ , जानें किस कंपनी ने बनाई और कौन है इसका मालिक?
बिहार के ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार ने बताया कि सरकार 14 दिसंबर तक सभी पात्र जीविका दीदियों के खातों में राशि भेजने की प्रक्रिया पूरी करने के लिए लगातार काम कर रही है। उनके अनुसार, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की इस योजना का लाभ राज्य की हर पात्र महिला तक पहुंचाया जाएगा।
मंत्री ने जानकारी दी कि 28 नवंबर को 10 लाख महिलाओं के खातों में 10-10 हजार रुपये ट्रांसफर किए जाएंगे। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार स्वयं ग्रामीण क्षेत्रों की 9.50 लाख और शहरी इलाकों की 50 हजार महिलाओं को डायरेक्ट बैंक ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से यह राशि भेजेंगे।
नए मेंबर्स को 10 हजार रुपये
पहले यह लाभ सिर्फ उन महिलाओं तक सीमित था जो पहले से जीविका समूह से जुड़ी थीं। अब हाल ही में शामिल हुई महिलाओं के खातों में भी 10-10 हजार रुपये भेजे जाएंगे। वहीं करीब 13 लाख महिलाओं ने ऑनलाइन आवेदन किया है, जिनके फॉर्म की जांच प्रक्रिया जारी है।
महिलाओं को मिल रही आर्थिक ताकत
बिहार सरकार की महिला रोजगार योजना राज्य की महिलाओं के लिए बेहद महत्वपूर्ण साबित हो रही है। इस पहल ने लाखों महिलाओं को आर्थिक सहारा दिया है। गांव हों या शहर, महिलाएं इस रकम का इंतजार कर रही हैं ताकि वे इसे छोटे व्यवसाय शुरू करने, घर की जरूरतों को पूरा करने या बचत बढ़ाने में काम ला सकें।
इस योजना के लिए आवेदन कैसे करें
आवेदन दो तरीकों से किया जा सकता है:
-शहरी महिलाओं के लिए ऑनलाइन आवेदन
-ग्रामीण महिलाओं के लिए ऑफलाइन आवेदन
शहरी महिलाएं अपने मोबाइल या कंप्यूटर पर सरकार की निर्धारित वेबसाइट पर जाकर फॉर्म भर सकती हैं। वहीं, ग्रामीण महिलाओं को नजदीकी जीविका दीदी या पंचायत स्तर के जीविका केंद्र पर जाकर ऑफलाइन आवेदन करना होता है। आवेदन स्वीकृत होने पर राशि सीधे बैंक खाते में जमा कर दी जाती है।
मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना की मुख्य बातें
-अब तक 1 करोड़ 40 लाख से अधिक महिलाओं को 10-10 हजार रुपये की राशि मिल चुकी है।
-यह योजना महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने वाली राज्य की सबसे बड़ी पहल मानी जा रही है।
-नई महिलाएं भी बड़ी संख्या में इससे जुड़ रही हैं जिससे इसका प्रभाव हर जिले तक पहुंच रहा है।
