130 करोड़ से ज्यादा आबादी वाले देश में अपना एक अदद आशियाना बनाने का ख्वाब हर किसी का होता लेकिन जिस तरह से जमीन घटती जा रही है उसमें बहुतों के लिए यह सपना ता उम्र सपना ही बना रह जाता है। लेकिन इसका हल निकाला है चेन्नई के एक शख्स ने। जगह की कमी की वजह से उसने अपने ऑटो को ही आलीशान घर में बदल दिया। सारी सुविधाओं से लैस घर को देखने के बाद महिंद्रा एंड महिंद्रा के चेयरमैन आनंद महिंद्रा भी उस शख्स की प्रतिभा के कायल हो गए। उन्होंने उसके साथ काम करने की इच्छा जताई है।

यह अनोखा कारनामा करने वाले व्यक्ति का नाम अरुण प्रभु है। वह चेन्नई के रहने वाले हैं। यह एक चलता फिरता घर है। ऑटो रिक्शा पर बने इस खूबसूरत घर में काफी सारी जगह है। वेंटिलेशन का इंतजाम है। इसमें खिड़कियां और दरवाजों के साथ छत और कपड़े सुखाने का भी प्रबंध है। अरुण ने ऑटो में बनाए अपने इस घर की छत पर सोलर पैनल लगाए हैं। बिजली की सप्लाई के लिए इसमें कुछ बैटरियां भी रखी हैं। अरुण के घर में वह सारी सुविधाएं मौजूद हैं, जो आम तौर पर किसी घर में होती है। इस घर में पानी स्टोर करने की सुविधा भी है।

अरुण ने ऑटो पर एक लाख रुपये खर्च करके इसे बनाया है। घर की ऊंचाई ऑटो की ऊंचाई से करीब दोगुनी है। वहीं लंबाई और चौड़ाई भी एक औसत कमरे से भी कम है। बेहद खूबसूरत घर की छत पर आराम करने के लिए कुर्सी भी दी गई है। सुंदर से आशियाने को देखकर किसी का भी मन ललचा सकता है। सोशल मीडिया पर इस घर की जमकर तारीफ हो रही है।

ट्विटर पर घर को देखने के बाद महिंद्रा ग्रुप के चेयरमैन आनंद महिंद्रा ने मुक्त कंठ से अरुण के घर की तारीफ की। उन्होंने अरुण प्रभु को ऑफर भी दे दिया है। उन्होने डिजायनर की जानकारी मांगते हुए कहा कि क्या वो बोलेरो पिक-अप पर भी ऐसा कुछ बना सकते हैं।

आनंद महिंद्रा ने कहा कि इससे कम जगह की ताकत पता चलती है। जो हमेशा चलते रहने की इच्छा रखने वालों और कोरोना संकट के बाद घूमने के शौकीनों के लिए आने वाले समय का चलन बन सकता है। आनंद महिंद्रा ने सोशल मीडिया पर पोस्ट को शेयर करते हुए लिखा, अरुण ने इसके जरिए कम स्पेस की पावर को दिखाया है, जो कोरोना काल के बाद घूमने के शौकीन लोगों के लिए एक बड़ा ट्रेंड बन सकता है।