भारतीय रेल ने यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी दी है। अब यात्री वंदे भारत ट्रेन से यात्रा करने से महज 15 मिनट पहले भी टिकट बुक कर सकते हैं। इसके लिए भारतीय रेलवे ने यात्री के रिजर्वेशन सिस्टम में बदलाव किया है। रिजर्वेशन सिस्टम में हुए इस बदलाव का उद्देश्य यात्रियों को अंतिम समय तक टिकट मिलने की सुविधा को बेहतर बनाना है। हालांकि ये नियम अभी केवल 8 वंदे भारत एक्सप्रेस पर ही लागू हुआ है।
दक्षिण रेलवे जोन द्वारा संचालित होने वाले वंदे भारत ट्रेनों पर ये नियम लागू किया गया है। इसको लेकर जोनल रेलवे ने बताया कि दक्षिण रेलवे से चलने वाली 8 वंदे भारत ट्रेनों के लिए ये सुविधा दी गई है। इसके तहत ट्रेन के निकलने के समय से 15 मिनट पहले तक रास्ते के स्टेशनों पर वर्तमान आरक्षण किया जा सकता है।
इस नियम का यात्रियों को मिलेगा लाभ
इससे पहले यह सुविधा सीमित थी, जिससे यात्रियों को ट्रेन को स्टेशन से रवाना होने के बाद रास्ते के स्टेशनों से बुकिंग करने की सुविधा नहीं मिलती थी। लेकिन इस नए नियम के तहत, वंदे भारत ट्रेनों में खाली सीटें अब मार्ग के स्टेशनों पर चालू बुकिंग के लिए उपलब्ध होंगी, जिससे यात्रियों को काफी लाभ होगा और ट्रेन में बेहतर सीटें उपलब्ध होंगी।
अब पूरे साल बिना टोल चुकाए करें सफर! ₹3000 में FASTag Annual Pass ऐसे करें एक्टिवेट
दक्षिण रेलवे द्वारा संचालित होने वाले इन वंदे भारत ट्रेनों में आगमन से केवल 15 मिनट पहले टिकट बुक करें…
- 1. ट्रेन संख्या 20631 मंगलुरु सेंट्रल-तिरुवनंतपुरम सेंट्रल वंदे भारत एक्सप्रेस
2. ट्रेन संख्या 20632 तिरुवनंतपुरम सेंट्रल- मंगलुरु सेंट्रल वंदे भारत एक्सप्रेस
3. ट्रेन संख्या 20627 चेन्नई एग्मोर-नागरकोइल वंदे भारत एक्सप्रेस
4. ट्रेन संख्या 20628 नागरकोइल-चेन्नई एग्मोर वंदे भारत एक्सप्रेस
5. ट्रेन संख्या 20642 कोयंबटूर- बेंगलुरु कैंट वंदे भारत एक्सप्रेस
6. ट्रेन संख्या 20646 मंगलुरु सेंट्रल-मडगांव वंदे भारत एक्सप्रेस
7. ट्रेन संख्या 20671 मदुरै-बेंगलुरु कैंट। वंदे भारत एक्सप्रेस
8. ट्रेन संख्या 20677 डॉ एमजीआर चेन्नई सेंट्रल-विजयवाड़ा वंदे भारत एक्सप्रेस
देश के विभिन्न मार्गों पर मौजूदा समय में कुल 144 वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनें चल रही हैं। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के अनुसार, वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनें सभी मार्गों पर 100 प्रतिशत से अधिक क्षमता के साथ चल रही हैं। वैष्णव ने बीते बुधवार (30 जुलाई, 2025) को लोकसभा को बताया, “वित्त वर्ष 2024-25 और 2025-26 (जून, 2025 तक) में वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों की कुल क्षमता क्रमशः 102.01% और 105.03% होगी।”