दिल्ली में रविवार को लू का प्रकोप चरम पर पहुंच सकता है और कई इलाकों में अधिकतम तापमान 46 डिग्री सेल्सियस से ऊपर रहने का अनुमान है। राष्ट्रीय राजधानी की सफदरजंग वेधशाला में अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की आशंका है। दिल्ली में शनिवार को पारा 47 डिग्री को छू गया और मौसम एजेंसी ने रविवार को तापमान में और भी अधिक बढ़ने की संभावना जताई है। हालांकि सोमवार को देश की राजधानी में आंधी या धूल भरी आंधी चलने की संभावना जताई गई है।
वहीं उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों, पंजाब, हरियाणा, मप्र और राजस्थान में भी पारा 45 से लेकर 46 से अधिक दर्ज किया गया, जिसे लेकर मौसम विभाग ने हीटवेव की चेतावनी दी है। रविवार को भी इन जगहों पर मौसम की स्थिति बिगड़ने का अनुमान जताया गया है।
मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली के मुंगेशपुर में 47.2 डिग्री सेल्सियस और नजफगढ़ में 47 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। आईएमडी ने कहा कि सभी मौसम केंद्रों ने लू दर्ज की है और पूर्वानुमान के मुताबिक रविवार को लू की स्थिति और खराब होगी। इसे लेकर देश की राजधानी में ऑरेंज अलर्ट भी जारी किया गया है। राजधानी में इस गर्मी में यह पांचवीं हीटवेव है।
वहीं स्काईमेट के उपाध्यक्ष महेश पलावत ने कहा कि दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में चलने वाली गर्म और शुष्क पश्चिमी हवाएं पारा को और ऊपर ले जाएंगी। रविवार को सफदरजंग में इसके 45 डिग्री के निशान तक पहुंचने की संभावना है। हालाकि पंजाब और हरियाणा पर एक चक्रवाती हवाओं का चलने का अनुमान है, जिससे गर्मी से राहत मिलेगी।
इन राज्यों में बदलेगा मौसम
आईएमडी के अनुसार, हिमाचल प्रदेश से लेकर उत्तर प्रदेश, बिहार, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड और पंजाब में 16 और 17 को मौसम में बदलाव होगा। इन जगहों परे तेज हवाओं के साथ बारिश होने का अनुमान जताया गया है। इसके अलावा 16 मई को हरियाणा, वेस्ट यूपी और राजस्थान में तेज हवाओं के चलने का अनुमान है।
रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने मंगलवार तक 2 जिलों के लिए रेड अलर्ट और केरल के 6 दक्षिणी जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया। आईएमडी ने केरल तट पर खराब मौसम की भी चेतावनी दी है और मछुआरों को सलाह दी गई है कि वे इन दिनों समुद्र में न जाएं। आईएमडी ने कहा कि केरल तट पर 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की संभावना है और मछुआरों को 16 मई तक समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है।