Maiya Samman Yojana Jharkhand: झारखंड सरकार की मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के तहत राज्य की 54 लाख महिला लाभार्थियों को इस माह एक साथ पांच हजार रुपये की आर्थिक सहायता राशि मिलेगी। मंईयां सम्मान योजना के तहत लाभार्थी महिला को राज्य सरकार हर माह 2500 रुपये की आर्थिक सहायता देती है। इस हिसाब से यह राशि दो महीने की है। अप्रैल और मई।
झारखंड की हेमंत सोरेन सरकार के महिला, बाल विकास और सामाजिक सुरक्षा विभाग ने मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के लिए वित्त वर्ष 2025-26 में सभी 24 जिलों को 9609 करोड़ रुपये (यानि 96 अरब 9 करोड़ रुपये) का बजट तय किया है।
विभागीय सचिव ने सभी 24 जिलों के उपायुक्तों को इस संबंध में जानकारी दी है। साथ ही लाभार्थियों के खाते में यह राशि महीने की 15 तारीख तक पहुंचाने के निर्देश भी दिए हैं। सभी 24 जिलों के लिए यह राशि तीन तरह से आवंटित की गई है।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, इसमें जनजातीय क्षेत्रीय उपयोजना (टीएसपी) के लिए 38 अरब 97 करोड़, अन्य क्षेत्रीय उपयोजना (ओएसपी) के लिए 44 अरब 67 करोड़, अनुसूचित जातियों के लिए विशेष घटक योजना (एससीएसपी) के लिए 12 अरब 45 करोड़ रुपए आवंटित किए हैं।
हालांकि, योजना में गड़बड़ियों को लेकर प्रशासन सख्त भी है। जमशेदपुर में उपायुक्त ने अयोग्य लाभार्थियों से राशि वसूली के आदेश दिए हैं। जांच में सामने आया है कि कई लोगों ने गलत तरीके से योजना का लाभ उठाया है। अब इन अपात्रों से डिमांड ड्राफ्ट के माध्यम से राशि वसूली जाएगी।
जांच में जमशेदपुर जिले में ही 2912 ऐसे बैंक खाते मिले हैं, जो दो या दो से अधिक लाभार्थियों से जुड़े थे। सबसे ज्यादा अयोग्य लाभार्थी पोटका (573) और जमशेदपुर (390) प्रखंड में मिले। उपायुक्त ने इस गड़बड़ी पर संबंधित प्रखंड स्तरीय अधिकारियों पर भी कार्रवाई की बात कही है।
हर महीने कितनी मिलती राशि
मंईयां सम्मान योजना के तहत पात्र महिला लाभार्थी को हर महीने 2500 रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है। यह राशि हर महीने की 15 तारीख तक लाभार्थियों के आधार से जुड़े बैंक खातों में भेज दी जाती है।
एक साथ कितनी किस्तें मिलेंगी
मंईया सम्मान योजना के तहत नियमित मासिक किस्तें जारी की जाती हैं। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, चालू वित्त वर्ष में पिछले दो महीने यानी अप्रैल-मई 2025 की राशि एक साथ भेजी जानी है। राज्य सरकार ने कुछ जिलों के लाभार्थियों के लिए राशि आवंटित कर दी है और अब पेमेंट ऑर्डर का इंतजार है। आदेश मिलते ही लाभार्थियों के आधार सीडिंग वाले बैंक खातों में यह एक साथ दो महीने की किस्त भेज दी जाएगी। वर्तमान में इन दो किस्तों (अप्रैल और मई) के भुगतान में देरी हो रही है।
मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना क्या है?
झारखंड सरकार की यह महत्वपूर्ण योजना गरीब और जरूरतमंद महिलाओं को आर्थिक सहायता प्रदान करने के लिए मंईयां सम्मान योजना चला रही है। इस योजना के तहत 18 से 50 वर्ष की आयु की सभी वर्ग और समुदाय की पात्र महिलाओं को प्रतिमाह 2500 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है। इस योजना का मुख्य उद्देश्य राज्य की गरीब और जरूरतमंद महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना और उन्हें वित्तीय सुरक्षा प्रदान करना है।
किन महिलाओं को मिलेगा योजना का लाभ
महिला झारखंड की रहने वाली हो।
लाभार्थी महिला की उम्र 18 साल से अधिक और 50 साल से कम हो।
आधार लिंक सिंगल बैंक अकाउंट होना जरूरी है। दिसंबर 2024 तक बिना आधार सीडिंग वाले खाते भी मान्य थे लेकिन अब बैंक खाते को आधार से लिंक करवाना जरूरी कर दिया गया है।
झारखंड राज्य के राशन कार्ड धारक परिवार (हरा, पीला, गुलाबी या सफेद राशन कार्ड)।
इस योजना का लाभ किसे नहीं मिलेगा
इनकम टैक्स भरने वाले परिवार की महिला। यहां परिवार से मतलब पति और पत्नी, नाबालिग बच्चे और दिव्यांग बच्चे से है।
EPF (कर्मचारी भविष्य निधि) में महिला। यानी कंपनी कर्मचारी नहीं होना चाहिए।
आवेदनकर्ता या उनके पति केंद्र या राज्य सरकार या सार्वजनिक उपक्रमों में रेगुलर या परमानेंट या कॉन्ट्रैक्ट या मानदेयकर्मी के रूप में नियोजित हों या रिटायरमेंट के बाद पेंशन या फैंमिली पेंशन हासिल कर रहे हों।
परिवार का कोई सदस्य वर्तमान या पूर्व सांसद/विधायक हो।
जो महिलाएं पहले से ही महिला, बाल विकास एवं सामाजिक सुरक्षा विभाग की किसी अन्य सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना का लाभ ले रही हों।
आवेदन का प्रोसेस?
मंईयां सम्मान योजना के लिए आवेदन करना बहुत आसान है। आंगनवाड़ी सेविका या सहायिका घर-घर जाकर महिलाओं से फॉर्म भरवाती हैं, वो भी बिल्कुल मुफ्त।
गांवों में पंचायत स्तर पर और शहरों में वार्ड या आंगनवाड़ी केंद्रों पर खास कैंप लगाए जाते हैं, जहां महिलाएं अपना आवेदन दे सकती हैं।
आवेदक महिला को खुद कैंप में आना जरूरी होता है, ताकि उसका आधार और फोटो से पहचान की जा सके।
इस योजना को जिले के उपायुक्त की निगरानी में चलाया जाता है। गांवों में प्रखंड विकास पदाधिकारी और शहरों में अंचल अधिकारी इसका संचालन करते हैं।
हर महीने महिलाओं को जो सम्मान राशि मिलती है, उसका मैसेज मोबाइल नंबर पर आता है।
सहायता के लिए यह है हेल्पलाइन नंबर
मंईयां सम्मान योजना से जुड़ी ज्यादा जानकारी के लिए आधिकारिक वेबसाइट mmmsy.jharkhand.gov.in पर डिटेल चेक कर सकते हैं। चाहें तो सीधे टोल फ्री नंबर 1800-890-0215 पर कॉल कर सकते हैं। इसके अलावा तकनीकी सहायता के लिए इस पते jmmsy.assist@gmail.com पर ईमेल के जरिए भी समस्याएं भेज सकते हैं।
यह भी पढ़ें-