अगर आप भारतीय रेलवे से सफर कर रहे हैं या फिर IRCTC के ग्राहक हैं तो सावधान हो जाइए, क्योंकि भारतीय रेलवे अब सीमा से अधिक सामान ले जाने पर पैसा वसूलेगा। भारतीय रेलवे ने जानकारी दी है कि अगर आप बिना बुकिंग के अतिरिक्त सामान ले जाते हुए पकड़े जाते हैं, तो आपको अब सामान्य दरों से छह गुना अधिक भुगतान करना होगा।
नियमों के अनुसार, यात्री जिस श्रेणी में यात्रा कर रहे हैं, उसके आधार पर यात्री अपने साथ ट्रेन के डिब्बे में 40 किलोग्राम से लेकर 70 किलोग्राम तक का भारी सामान ले जा सकते हैं। यदि अतिरिक्त सामान है, तो यात्री को अतिरिक्त शुल्क देना पड़ सकता है, लेकिन अतिरिक्त सामान की जानकारी नहीं दिए जाने पर और सफर के दौरान पकड़े जाने पर अधिक छह गुना अधिक भुगतान करना होगा।
कितना लगेगा चार्ज
रेलवे ने इस बारे में ट्वीट करके जानकारी दी है। रेलवे मंत्रालय ने लिखा है कि “सामान अधिक होगा तो यात्रा के सुख कम हो जाएंगे! ट्रेनों में यात्रा करते समय अधिक सामान न ले जाएं। अधिक सामान के मामले में एक्स्ट्रा सामान के लिए बुकिंग करना होगा। सामान के लिए न्यूनतम शुल्क 30 रुपए है।
क्लास | मुफ्त भार | मार्जिन भार | अधिकतम भार |
AC फर्स्ट क्लास | 70 Kgs | 15 Kgs | 150 Kgs |
AC 2-टीयर स्लीपर/फर्स्ट क्लास | 50 Kgs | 10 Kgs | 100 Kgs |
AC 3-टीयर स्लीपर/AC चेयर | 40 Kgs | 10 Kgs | 40 Kgs |
स्लीपर क्लास | 40 Kgs | 10 Kgs | 80 Kgs |
सेकेंड क्लास | 35 Kgs | 10 Kgs | 70 Kgs |
कौन से कोच में कितना सामान ले जाने की अनुमति
भारतीय रेलवे ने आप जिस कोच में यात्रा कर रहे हैं, उसके अनुसार सामान की दरें तय की हैं। यदि आप एसी प्रथम श्रेणी में यात्रा कर रहे हैं, तो आप 70 किलोग्राम तक का सामान ले जा सकते हैं। एसी 2-टियर के लिए यह 50 किलो है और एसी थ्री टियर के लिए यह 40 किलो है। स्लीपर क्लास के लिए 40 किलो और सेकेंड क्लास के लिए 35 किलो तक की सीमा है।
कैसे होगी बुकिंग?
यात्री को प्रस्थान समय से कम से कम 30 मिनट पहले बुकिंग स्टेशन के लगेज कार्यालय में सामान प्रस्तुत करना चाहिए। टिकट बुक करते समय आप पहले से सामान भी बुक कर सकते हैं। रेल मंत्रालय ने लोगों से न्यूनतम आवश्यक सामान के साथ यात्रा करने का आग्रह किया है।