अब आप भी देश की सरहद के आसपास के क्षेत्र आसानी से घूम सकते हैं। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह  ने सीमा सड़क संगठन (BRO) का यात्री पोर्टल लॉन्च किया है। इसके माध्यम से आप आसानी से देश के दूरदराज में मौजूद बीआरओ निर्मित प्रोजेक्ट्स  पर जाने के लिए ई-टिकट बुक करा सकते हैं। फिलहाल इस पोर्टल से केवल हिमाचल प्रदेश के रोहतांग में मौजूद अटल टनल को जोड़ा गया है। आगे इस पोर्टल जम्मू कश्मीर, लद्दाख और अरुणाचल प्रदेश के भी बीआरओ निर्मित प्रोजेक्ट्स को जोड़ा जाएंगा।

यात्रियों को मिलेंगी पूरी सुविधा: बीआरओ ने पोर्टल के साथ यात्रियों को सभी सुविधाएं उपलब्ध कराने का भी पूरा इंतजाम किया है। बीआरओ इन प्रोजेक्ट्स के आसपास 75 से अधिक बीआरओ कैफे बनाएगा। इन कैफे को बनाने का मकसद यात्रियों को सुविधा उपलब्ध कराने के साथ दूरदराज के पर्यटन स्थलों पर पर्यटन को बढ़ावा देना और स्थानीय अर्थव्यवस्था की मजबूत करना है।

इस मौके पर देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा पर्यटन उद्योग दुनिया में सबसे ज्यादा रोजगार देने वाला क्षेत्र है। सरकार ने देश में पर्यटन को बढ़ाने के कई कदम उठाए हैं जिसमें अतुल्य भारत, स्वदेश दर्शन, देखो अपना देश और उड़ान जैसे कार्यक्रम शामिल है।

ऐसे करें टिकट बुकिंग: इसके लिए सबसे पहले आपको मार्वेल्सडॉटबीआरओडॉटगॉवडॉटइन पर जाना होगा। यहां आपको फिर मोबाइल नंबर दर्ज कर लॉन्ग इन करना होगा। फिर आपको माय टिकट बुकिंग पर क्लिक करना होगा। इस पर क्लिक करने के बाद आपको न्यू बुकिंग पर क्लिक करना होगा। इसके बाद आपके सामने एक नया पेज खुलेगा। यहां आपको यात्रा की तारीख, समय और आयु भरनी होगी। आगे आपको अपना नाम, जन्म की तारीख और लिंग भरना होगा। फिर एक नया पेज खुलेगा। यहां तय रकम चुकाकर आपकी टिकट बुक हो जाएगी। बीआरओ की तरफ से वयस्क के लिए टिकट का दाम 100 रुपए, 12-18 साल तक के लिए 50 रुपये और 12 साल से कम के लिए शून्य रखा गया है। 

बीआरओ का बड़ा योगदान: सड़क सीमा संगठन की स्थापना वर्ष 1960 में देश के सीमावर्ती इलाकों में सड़क आदि के निर्माण के लिए हुए थी। बीआरओ अब तक सीमावर्ती इलाकों में 60 हजार किलोमीटर की सड़क, 850 बड़े पुल, 19 हवाई पट्टियों और 4 टनल का निर्माण कर चुका है।