Atal Tunnel से सोनिया गांधी के नाम वाली पट्टिका गायब! CM को हिमाचल कांग्रेस चीफ ने खत लिख प्रदर्शन को चेताया
रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण अटल सुरंग का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तीन अक्टूबर को किया था।

हिमाचल प्रदेश कांग्रेस इकाई ने राज्य में अटल सुंरग से पार्टी प्रमुख सोनिया गांधी के नाम वाली उद्घाटन पट्टिका कथित तौर पर हटाने के खिलाफ विरोध प्रदर्शन की धमकी दी है। रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण अटल सुरंग का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तीन अक्टूबर को किया था। ये सुंरग मलाली को लाहौल-स्पीति घाटी से जोड़ती है। ये लद्दाख में लेह तक की यात्रा के समय को कम करके पांच घंटे तक करती है।
प्रदेश में कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि सोनिया गांधी के नाम वाली पट्टिका को उद्घाटन से पहले से सुरंग से हटा दिया गया था। अब राज्य कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौड़ ने सीएम जयराम ठाकुर को प्रदर्शन करने की धमकी दी है। पत्र में कहा गया, ‘अगर गायब हुआ शिलान्यास पत्थर फिर से नहीं लगाया गया तो कांग्रेस, सरकार के खिलाफ राज्यव्यापी आंदोनल करेगी।’ पत्र में आगे कहा गया कि पट्टिका हटाना एक अलोकतांत्रिक, अपरंपरागत और अवैध कदम है।
Bihar Election 2020 Live Updates
कांग्रेस का कहना है कि सोनिया गांधी ने 28 जून, 2020 को मनाली के धौंडी में दक्षिण पोर्टल पर रोहतांग सुरंग परियोजना की आधारशिला रखी थी। मामले में कांग्रेस के दो नेताओं (जियाचेन ठाकुर और हरि चंद शर्मा) ने कीलोंग और मनाली में इस बाबत केस दर्ज करवाया है। जांच की मांग की गई है कि शिलान्यास पत्थर कैसे गायब हुआ, पता लगाया जाए।
उल्लेखनीय है कि हिमाचल प्रदेश में रोहतांग दर्रे के नीचे एक रणनीतिक सुरंग बनाने का निर्णय 3 जून 2000 को लिया गया था। तब दिवंगत अटल बिहारी वाजपेयी प्रधानमंत्री थे। केंद्रीय मंत्रिमंडल ने 2019 में पूर्व पीएम द्वारा दिए गए योगदान का सम्मान करने के लिए रोहतांग सुरंग का नाम अटल सुरंग के रूप में तय किया।
दुनिया में अपनी तरह के सबसे लंबे राजमार्ग निर्माण के रूप में वर्णित, 9.02 किमी लंबी अटल सुरंग हिमालय के पीर पंजाल रेंज में 3,000 मीटर (10,000 फीट) की ऊंचाई पर बनाई गई है।