मुकेश अंबानी ने बाराबरी पर आने के बाद अडाणी ग्रुप के मालिक गौतम अडाणी को संपत्ति के मामले में फिर पीछे छोड़ दिया है। पिछले हफ्ते अडाणी के पास एशिया का सबसे अमीर बिजनेसमैन बनने का सुनहरा मौका आया था। जब दोनों की कुल संपत्ति 6.63 – 6.63 लाख करोड़ रुपये हो गई थी। लेकिन शेयर बाजार में आई उथल-पुथल ने गौतम अडाणी से ये मौका छीन लिया। जिसके बाद एक बार फिर मुकेश अंबानी गौतम अडाणी से आगे निकल गए। फिलहाल गौतम अडाणी की संपत्ति मुकेश अंबानी से 13 अरब डॉलर कम हो गई है।

रिलायंस के शेयर 3 प्रतिशत बढ़ें – आज रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयर में 3 प्रतिशत की बढ़ोतरी देखी गई। जिसके बाद कंपनी के शेयर 2,471 रुपये पर पहुंच गए। दरअसल रिलायंस जियो ने टैरिफ में इजाफा करने का फैसला किया है। जिसका शेयर मार्केट पर पॉजिटिव असर देखने को मिला। ऐसे में रिलायंस इंडस्ट्रीज का मार्केट कैप 15.69 लाख करोड रुपये पर पहुंच गया। जबकि अडाणी ग्रुप के कई शेयर आज गिरावट में हैं।

अडाणी ग्रुप का मार्केट कैप इतने लाख करोड़ हुआ – शेयर मार्केट में लिस्टेड अडाणी ग्रुप की 6 कंपनियों का मार्केट कैप आज 9 लाख 61 हजार करोड़ रुपये पर पहुंच गया है। यानी रिलायंस के मार्केट कैप से करीब 6 लाख करोड रुपये कम है। जबकि 25 नवंबर को रिलायंस का मार्केट कैप 14.99 लाख करोड़ और अडाणी की कंपनियों का मार्केट कैप 10 लाख करोड़ रुपये था।

अंबानी की संपत्ति 91.1 अरब डॉलर – ब्लूमबर्ग के अरबपतियों की इंडेक्स के अनुसार शुक्रवार को मुकेश अंबानी की संपत्ति 91.1 अरब डॉलर थी। जब उनकी संपत्ति 3.6 अरब डॉलर घटी थी। वहीं अडाणी की संपत्ति 78.1 अरब डॉलर थी और उनकी संपत्ति में 12.4 अरब डॉलर कम हुई। इस तरह से दोनों की संपति के बीच 13 अरब डॉलर से ज्यादा का अंतर हो गया है। जबकि गुरुवार को दोनों की नेटवर्थ बराबरी पर थी।

यह भी पढ़ें: मुकेश अंबानी अपनी संपत्ति के बंटवारे पर कर रहे हैं विचार, नहीं चाहते कि भविष्य में बच्चों में हो कोई विवाद

15 अरब डॉलर की रिलायंस की डील टूटी – सऊदी अरामको के साथ 15 अरब डॉलर की डील टूटने के बाद से रिलायंस के शेयर्स में लगातार गिरावट देखी जा रही थी। ये गिरावट बुधवार को भी जारी रही। बुधवार को BSE पर रिलायंस का शेयर 1.48% गिरकर 2,350.90 रुपये पर बंद हुआ। इससे निवेशकों की 22,000 करोड़ रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ। मुकेश अंबानी को इससे 11,000 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ। हालांकि जियो की टैरिफ में बढ़त ने फिर से रिलायंस के शेयर्स में तेजी ला दी है।