दिल्ली के कई इलाके में यमुना नदी का पानी प्रवेश कर गया है। हालांकि ताजा जानकारी के मुताबिक, अब दिल्ली से पानी उतरने लगा है। हालांकि दोपहर तक यमुना का पानी सुप्रीम कोर्ट परिसर तक भी पहुंच गया था, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है और लोग इस पर खूब मजे रहे हैं।
सुप्रीम कोर्ट परिसर तक पहुंचा यमुना का पानी
यमुना नदी में आई उफान के कारण दिल्ली के कई इलाके डूबे हुए हैं। दिल्ली सीएम, एलजी और दिल्ली सरकार के मंत्री लगातार स्थिति का जायजा ले रहे हैं। इसी बीच 13 जुलाई की रात को पानी बढ़ने से सुप्रीम कोर्ट की बिल्डिंग तक पानी पहुँचने का अनुमान लगाया गया। इसके बाद बाँध बनाने की प्रक्रिया शुरू की गई लेकिन इसका फायदा नहीं हुआ और पानी सुप्रीम कोर्ट तक पहुंचा।
सोशल मीडिया पर लोग ऐसे ले रहे मजे
सुप्रीम कोर्ट तक पानी पहुँचने पर सोशल मीडिया पर लोगों की प्रतिक्रियाएं आ रही हैं। सोशल मीडिया पर तमाम यूजर ने लिखा, ‘दिल्ली में सुप्रीम कोर्ट पहुंची यमुना जी, सुप्रीम कोर्ट ने कड़ा एतराज जताया, कहा- पहले हाईकोर्ट जाइए।’ नवलकान्त सिन्हा ने लिखा, ‘अमा आतंकियों और देशद्रोहियों की याचिका की तरह हो गया है। दिल्ली की बाढ़ का पानी। बिना लोवर कोर्ट, हाईकोर्ट सीधे सुप्रीम कोर्ट का बेसमय दरवाजा खटखटा दिया।’
एक यूजर ने लिखा, ‘दिल्ली सरकार के लोग रात से ही कोशिश कर रहे थे कि बांध बनाकर किसी तरह सुप्रीम कोर्ट तक पानी पहुंचने से रोका जाए, लेकिन ऐसा नहीं हो सकता और परिसर तक पानी पहुंच ही गया।’ एक अन्य ने लिखा, ‘दिल्ली की सबसे व्यस्त सड़क पर पानी भर गया है, राजघाट डूब गया है। सुप्रीम कोर्ट पानी में है लेकिन मोदी ही पेरिस में हैं।’
बता दें कि शुक्रवार सुबह यमुना नदी का जलस्तर 208.40 मीटर पहुंच गया है। यह खतरे के निशान 205 मीटर से 3.4 मीटर ज्यादा है। बाढ़ का पानी यमुना बाजार, लालकिले, राजघाट और ISBT-कश्मीरी गेट तक पहुंच गया। हालांकि ताजा जानकारी के मुताबिक अब पानी घटने लगा है।