मुंबई की लोकल ट्रेन को ‘लाइफ लाइन’ कहा जाता है क्योंकि इस लोकल ट्रेन के जरिए लाखों लोग रोजाना यात्रा करते हैं। हालांकि इस ट्रेन से सफर करना आसान नहीं है, उन लोगों के लिए तो ट्रेन में चढ़ पाना भी एक चुनौती है जो पहली बार यात्रा करने जा रहे हैं। आधे यात्री ट्रेन के रुकने से पहले ही चढ़ चुके होते हैं, इसमें महिलाएं भी पीछे नहीं है। एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है जिसे देखकर सोशल मीडिया पर यूजर्स भी कई सवाल उठा रहे हैं।

ट्रेन रुकने से पहले चढ़ गई महिलाएं

वीडियो में दिखाई दे रहा है कि स्टेशन पर पहुंची ट्रेन के रुकने से पहले ही किस तरह महिलाएं ट्रेन में चढ़ रही है। वो ऐसा इसलिए कर रही हैं ताकि कुछ घंटों की यात्रा के दौरान उन्हें बैठने या ठीक से खड़े होने के लिए जगह मिल जाए। अगर आपने मुंबई लोकल ट्रेन को अंदर से नहीं देखा है तो यकीनन यह वीडियो देखकर आप हैरान जरूर हो जाएंगे।

सोशल मीडिया पर वायरल है ये वीडियो

इस वीडियो को @akshaykatariyaa नाम के X यूजर ने शेयर किया है, जिसे 2 मिलियन से अधिक लोगों ने देखा है। इस वीडियो को देखने के बाद एक तरफ जहां लोग हैरानी जता रहे हैं तो वहीं बड़ी संख्या में लोग सवाल उठा रहे हैं कि इस तरह जान जोखिम में डालने की क्या जरूरत है?

यहां देखिए वीडियो

https://x.com/akshaykatariyaa/status/1702935428909891697?s=20

सोशल मीडिया यूजर्स की प्रतिक्रियाएं

एक ट्विटर यूजर ने लिखा, ‘अपने गांव में रहकर दिहाड़ी मजदूरी कर लो लेकिन इस तरह की ‘स्पिरिट ऑफ मुंबई’ वाली लाइफ मत जियो, परिवार के किसी सदस्य को इस तरह यात्रा करने की कल्पना भी नहीं कर सकते।’ @Aaayushiiiiiii ट्विटर यूजर ने लिखा, ‘एक बार मैं मुंबई लोकल ट्रेन में यात्रा कर रही थी तो मुझसे कहा गया कि रुकने के बाद उतरेगी क्या? मुझे आज भी ये बात याद आती है।’

एक ट्विटर यूजर ने लिखा, ‘मैंने मुंबई इसीलिए छोड़ दिया, क्योंकि वहां सफर करना आसान नहीं है।’ भावेश ने लिखा, ‘भगवान ऐसी जिंदगी दुश्मनों को भी ना दे।’ अपूर्व दीक्षित ने लिखा, ‘इसको देखकर लगता है कि मुंबई में रहना कोई जरूरी है? भारत में और भी शहर हैं जहां पर रहा जा सकता है। थोड़े कम पैसे ही होंगे लेकिन सुकून तो होगा।’

बता दें कि मुंबई लोकल ट्रेन के ऐसे कई वीडियो सामने आ चुके हैं लेकिन इस तरह की यात्रा मुंबई वालों के लिए साधारण सी बात है। हालांकि यह डरावना और खतरनाक जरूर है।