राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के मानहानि मामले में मंगलवार को कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी महाराष्ट्र के भिवंडी की अदालत में पेश हुए। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के खिलाफ कथित तौर पर टिप्पणी करने के मामले में आरोप तय हुआ। अदालत के इस फैसले पर राहुल गांधी बोले कि उन्हें यह आरोप स्वीकार नहीं है। वह दोषी नहीं हैं। वह इस मामले का सामना करेंगे। वह लड़ेंगे और जीतेंगे। कांग्रेस अध्यक्ष पर भारतीय दंड संहिता की धारा 499 और 500 के तहत आरोप तय किए गए हैं। हालांकि मंगलवार को राहुल गाधी की पेशी के कुछ ही देर के बाद कांग्रेस के ऑफिशियल ट्विटर हैंडल से एक वीडियो ट्वीट किया गया। गांधी जी को किसने मारा, इस हेडलाइन से 1.27 मिनट के इस वीडियो को ट्वीट किया गया है। इसमें कई लोगों से बातचीत की गई है।
इस वीडियो में लोगों से सवाल किया गया कि गांधी जी को किसने मारा? इसके जवाब में सभी लोगों ने कहा कि गांधी जी को नाथूराम गोडसे ने मारा। वीडियो में कुछ लोगों ने ये भी कहा कि गांधी जी को मारा तो गोडसे ने था, लेकिन इस हत्या के पीछे किसका हाथ था, ये एक राजनीतिक पहलू है। कांग्रेस द्वारा पोस्ट किये गए इस वीडियो में एक युवक ये कहते भी दिख रहा है कि गोडसे में जो नफरत की भावना पैदा हुई, वो आरएसएस की ही देन है तो किसी ने कहा कि संघ की विचारधारा से प्रभावित होकर गोडसे ने गांधी जी को मारा था। एक शख्स ने कहा कि गांधी जी की हत्या के बाद पुणे में मिठाइयां बांटी गईं। ये सच है कि आरएसएस समर्थकों ने गांधी जी की हत्या पर खुशी मनाई थी।
Who and what killed Gandhiji?
Here’s what Indians have to say. #RSS #GandhiAssassination pic.twitter.com/sJVVIStPR7— Congress (@INCIndia) June 12, 2018
इस वीडियो के माध्यम से कांग्रेस ने ये संदेश देने की कोशिश की है कि आज भी राहुल गांधी के आरएसएस पर लगाए गए आरोपों पर वो अडिग है। इसी के तहत लोगों से सवाल किया गया कि गांधीजी को किसने मारा? और जवाब में सभी लोगों ने सीधे नाथूराम गोडसे का नाम लिया, साथ ही आरएसएस को भी इसके लिए जिम्मेदार ठहराया।