हाल ही में मुंबई की लड़की ने लोकल ट्रेन में अपने साथ गुजरे एक कड़वे अनुभव को दुनिया के साथ साझा किया था। लड़की ने बताया था कि ट्रेन में एक लड़का उसे देखकर मास्टरबेट करने लगा था। इस खबर ने महिलाओं की सुरक्षा पर सवालिया निशान खड़ा कर दिया था। लड़की ने अपनी कहानी सोशल मीडिया पर साझा की थी। लेकिन अब सोशल मीडिया पर ही एक नया वीडियो वायरल हो गया है जो फिर से प्रशासन द्वारा महिलाओं की सुरक्षा के दावे पर सवालिया निशान खड़े करता है। रिपोर्ट्स के मुताबिक यह मामला ईव टीजिंग का हो सकता है। इस वीडियो में एक लड़का और लड़की की जमकर बहस करते हुए नजर आते हैं। लड़के ने बिना इजाजत लड़की के टैटू की तस्वीर ली थी जिसके बाद उसे खरी-खरी सुनने को मिल गई। सतरूपा चक्रवर्ती (Satarupa Chakraborty) नाम के एक फेसबुक अकाउंट से इस वीडियो को पोस्ट किया गया है।
वीडियो के साथ बंगाली भाषा में फेसबुक यूजर ने घटनाक्रम की जानकारी दी है। फेसबुक पोस्ट के मुताबिक लड़के का नाम पिंटू मंडल बताया जा रहा है। लड़की का दावा है कि वह रोज इसी तरह की हरकतों को अंजाम दे चुका है। सतरूपा के मुताबिक इस बार लड़के ने उसकी सहेली की तस्वीर लेने की कोशिश की लेकिन रंगे हाथ पकड़ा गया। पकड़े जाने के बाद पहले तो मंडल फोटो लेने की बात से इंकार करता लेकिन फिर तीखी बहस होने के बाद कुबूल करता है कि उसने फोटो ली है। वीडियो में मंडल का दावा है कि उसे लड़की का टैटू अच्छा लग रहा था और इसी वजह से उसने फोटो ली थी। जब लड़की ने बिना इजाजत फोटो लेने का विरोध किया तो मंडल अपनी गलती कुबूलने के बाद भी लगातार यह कहता रहा कि उसने कुछ गलत नहीं किया। उल्टा उसने लड़की को ही चैलेंज करते हुए कहा कि अगर उसमें हिम्मत है तो मुझे पुलिस के पास लेजाकर दिखाए।
वीडियो (Source: Facebook/Satarupa Chakraborty)