भारत जोड़ो यात्रा (Bharat Jodo Yatra) में कांग्रेस सांसद राहुल गांधी (Congress MP Rahul Gandhi) के साथ राजस्थान की महिलाएं शामिल हुईं। इसे ‘नारी शक्ति पदयात्रा’ नाम दिया गया है। वहीं, प्रियंका गांधी (Priyanka Gandhi) अपनी बेटी मिराया और पति रॉबर्ट वाड्रा (Robert Vadra) के साथ शामिल हुईं। इस बीच सोशल मीडिया (Social Media) पर प्रियंका गांधी का यात्रा के दौरान का एक वीडियो सामने आया है। जिसमें, वह कांग्रेस की महिला कार्यकर्ताओं के साथ दौड़ लगा रहीं हैं। इस वीडियो पर लोग प्रियंका गांधी की फिटनेस पर बात करते हुए, उनकी तारीफ कर रहे हैं।

प्रियंका गांधी ने लगाई दौड़

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में देखा जा सकता हैं कि प्रियंका गांधी महिला कार्यकर्ताओं के साथ पूरे जोश में दौड़ लगा रही हैं। ऐसे में उनके साथ दौड़ रही महिलाएं भी उत्साह में दिखाई दे रही हैं। कुछ देर तेजी से दौड़ने के बाद प्रियंका और लोगों के साथ कदमताल करने लगती हैं।

वायरल वीडियो पर लोगों के रिएक्शन

पत्रकार उमाशंकर सिंह ने ये वीडियो शेयर कर लिखा कि ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के दौरान जब दौड़ पड़ीं प्रियंका गांधी वाड्रा। पत्रकार मीनाक्षी जोशी ने कमेंट किया कि यह तो हर किसी को मानना होगा कि राहुल गांधी और प्रियंका गांधी बहुत फिट हैं। @gunjangiri नाम के एक यूजर ने चुटकी लेते हुए लिखा,”किसी ने कह दिया होगा कि जमीन बिक रही है, इसलिए दौड़ लगा दी होगी। शुभम शुक्ला नाम के एक यूजर लिखते हैं – आजकल नेताओं को प्रियंका से सीखना चहिये कि केवल राजनीति पर ही नहीं बल्कि अपने स्वास्थ्य पर भी ध्यान देना चाहिए।

प्रियंका ने किया ऐसा ट्वीट

प्रियंका गांधी राजस्थान के जयपुर में ‘भारत जोड़ो यात्रा’ में शामिल हुईं। उन्होंने इस कार्यक्रम की कई तस्वीरें अपने ट्विटर हैंडल से शेयर कर लिखा,”महिलाओं की तरक्की से ही, देश की तरक्की संभव है। महिला सशक्तिकरण के संदेश व संकल्प के साथ आज की।” जानकारी के लिए बता दें कि प्रियंका गांधी इससे पहले मध्य प्रदेश में भी ‘भारत जोड़ो यात्रा’ में पति और बच्चों के साथ शामिल हो चुकीं हैं।

गौरतलब है कि ‘भारत जोड़ो यात्रा’ 7 सितंबर को तमिलनाडु में कन्याकुमारी से शुरू हुई है। जिसके बाद से यह यात्रा लगातार बढ़ती जा रही है। अब तक तमिलनाडु, केरल, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक तथा तेलंगाना सहित पांच दक्षिणी राज्यों और महाराष्ट्र तथा मध्य प्रदेश से होकर गुजर चुकी है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक यह यात्रा फरवरी में की शुरुआत में जम्मू-कश्मीर पूरी होगी।