उत्तर प्रदेश के आगरा के एक दरोगा का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है जिसमें वह खंबे से बंधा दिखाई दे रहा है। बताया जा रहा है कि खंबे से बांधा गया शख्स उत्तर प्रदेश पुलिस का दरोगा है और वह आगरा में तैनात था। रात में वह एक लड़की के साथ आपत्तिजनक स्थिति में पकड़ा गया था।

आपत्तिजनक स्थिति में पकड़ा गया दरोगा

मामला आगरा के थाना बरहन क्षेत्र के गांव तिहेया का है, जहां रविवार रात को थाने में तैनात दरोगा संदीप कुमार एक लड़की के घर में घुस गया। इसके बाद ग्रामीणों ने आपत्तिजनक स्थिति में पकड़ लिया। ग्रामीणों ने दरोगा को खंभे से बांधकर पीटा और उसके कपड़े उतार दिए। ग्रामीणों ने बताया कि काफी दिनों से गांव में आता था, उन्हें शक तो काफी पहले हो गया था लेकिन वह रंगे हाथ पकड़ना चाहते थे।

लड़की ने बताया- परेशान करता था दरोगा

ग्रामीणों ने बताया कि रात को एक शख्स अपनी बाइक पर दरोगा को लेकर आया और उसे छोड़कर चला गया। इसके बाद दरोगा लड़की के घर में घुस गया। इसकी भनक लगते ही ग्रामीणों ने दरोगा को रंगे हाथ पकड़ लिया। वहीं लड़की का कहना है कि मैं बाजार जाती थी तो वह परेशान करते थे, गांव और गली तक आ जाते थे। अब वह घर में जबरदस्ती घुस गये। मैंने मना किया तो वह मेरे पापा पर केस चलाने की धमकी देने लगे।

https://x.com/agrapolice/status/1703633138965008680?s=20

वहीं मामला पुलिस विभाग से जुड़े होने के कारण काफी देर तक ड्रामा चलता रहा। आगरा पुलिस आयुक्त डाॅ. प्रीतिंदर सिंह ने बताया कि दारोगा संदीप कुमार को निलंबित कर दिया है, उसके ऊपर कठोरतम कार्रवाई की जाएगी। पुलिस आयुक्त ने बताया कि संदीप के खिलाफ मुकदमा भी दर्ज किया जाएगा।

सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस की खूब फजीहत हो रही है। ग्रामीणों ने आरोपी दरोगा को खंबे से बांधकर, कपड़े उतारे और उसकी जमकर पिटाई की है। पुलिस विभाग को जब इसकी जानकारी मिली तो कई जवान मौके पर पहुंचे और दरोगा को ग्रामीणों के चंगुल से छुड़ाया। इसका वीडियो खूब शेयर किया जा रहा है।