उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर जिले में लंभुआ विधानसभा सीट के विधायक सीताराम वर्मा की इन दिनों एक वायरल वीडियो को लेकर जमकर किरकिरी हो रही है। दरअसल, सीताराम वर्मा ने 20 दिसंबर 2025, शनिवार को दिव्यांगजनों के लिए व्हील चेयर वितरण कार्यक्रम आयोजित किया था। इस कार्यक्रम में उनके विधानसभा क्षेत्र से कई दिव्यांगजन व्हील चेयर लेने के लिए पहुंचे थे। इस दौरान एक ‘दिव्यांग’ व्हील चेयर लेने के बाद अपने पैरों पर चलकर उसे ले जाता हुआ दिखा। यह घटना मोबाइल कैमरों में रिकॉर्ड हो गई जिसका वीडियो अब वायरल हो रहा है।
‘दिव्यांग’ व्हील चेयर लेकर पैरों पर उठ खड़ा हुआ
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि एक बुजुर्ग व्यक्ति व्हील चेयर पर बैठकर फोटो क्लिक कराता है। उस फोटो में सीताराम वर्मा के साथ-साथ अन्य बीजेपी नेता भी उपस्थित होते हैं। फोटो जैसे ही क्लिक हो जाती है उसके बाद व्हील चेयर पर बैठा शख्स उठकर खड़ा हो जाता है और व्हील चेयर लेकर वहां से चला जाता है। इस वीडियो ने विधायक सीताराम वर्मा और अन्य नेताओं की किरकिरी कराई है।
विधायक ने रखा अपना पक्ष
वीडियो वायरल होने के बाद सीताराम वर्मा ने एक वीडियो बनाकर अपना पक्ष लोगों के सामने रखा। उन्होंने कहा कि जिस दिव्यांग को व्हील चेयर दी जानी थी, वह बीमारी के कारण उस कार्यक्रम में नहीं आ सका था। ऐसे में उसके पिता को व्हील चेयर सौंपी गई। हालांकि, इस सफाई के बाद भी सवाल उठने लगे कि अगर व्हीलचेयर पिता को ही देनी थी, तो एक स्वस्थ व्यक्ति को उस पर बैठाकर फोटो और वीडियो बनवाने की जरूरत क्यों पड़ी?
प्रशासन ने भी यही सफाई दी
इस पूरे मामले पर जिला प्रशासन ने आधिकारिक सूचना विभाग के व्हाट्सऐप ग्रुप पर जानकारी साझा की है। उस जानकारी में कहा गया है कि वायरल वीडियो में दिखाई गई व्हीलचेयर दिव्यांग संदीप के पिता रामधनी को दी गई थी, क्योंकि दिव्यांग स्वयं कार्यक्रम में आने में असमर्थ था। हालांकि सोशल मीडिया पर एक फोटो और वायरल है जिसमें दिव्यांग संदीप उसी व्हील चेयर पर बैठा है और उसके साथ उसके पिता खड़े हैं। हालांकि जनसत्ता इस वायरल फोटो की पुष्टि नहीं करता।
