राधा रानी और मीरा की भक्ति से प्रेरित होकर लोग भगवान कृष्ण की भक्ति का मार्ग चुनते हैं। इन दोनों को कान्हा का सबसे बड़ा भक्त समझा जाता है, लेकिन उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले की रहने वाली पिंकी शर्मा की भक्ति इन दिनों काफी चर्चा का विषय बनी हुई है। दरअसल, 28 साल की पिंकी शर्मा ने कान्हा की भक्ति में खुद को इतना डुबो दिया कि उन्होंने कृष्ण जी की मूरत से ही विधिवत विवाह कर लिया। पूरे बदायूं जिले में यह शादी चर्चा का विषय बनी हुई है। शादी के वीडियो इंटरनेट पर काफी वायरल हैं।
पिंकी और कान्हा के विवाह में आई थोड़ी अड़चन
यह विवाह 7 दिसंबर 2025 को संपन्न हुआ। पोस्ट ग्रेजुएट की पढ़ाई कर चुकीं पिंकी शर्मा बचपन से ही कान्हा की भक्त थीं। उन्होंने कृष्ण जी की प्रतिमा के साथ पूरे पारंपरिक हिंदू रीति-रिवाज के साथ विवाह किया। इस दौरान लड़की का जीजा और उनका परिवार बारात लेकर पहुंचा। विवाह में सिंदूर और जयमाला जैसी हिंदू धर्म की सभी रस्मों को निभाया। हालांकि पिंकी का परिवार शुरुआत में इस शादी के विरोध में था, लेकिन बाद में पिंकी की भक्ति को स्वीकार कर लिया, और पूरे रीति-रिवाजों के साथ शादी को सपोर्ट किया।
पिंकी ने खुद को बताया ‘असली मीरा’
वायरल वीडियो में पिंकी पूरे शादी समारोह में कान्हा जी की प्रतिमा को अपनी गोद में लेकर घूमती नजर आई रही है। पिंकी ने मूर्ति को अपनी बाहों में उठाया, माला बदली और सिंदूर लगाया, जो कृष्ण के प्रति उनके जीवन भर के समर्पण का प्रतीक था। इस दौरान पिंकी ने खुद को “असली मीरा” बताया जो भगवान कृष्ण की बहुत ही प्रसिद्ध भक्त थीं। मीरा जी ने राजपूत परिवार को त्यागकर कृष्ण भक्ति में अपना संपूर्ण जीवन समर्पित कर दिया था। पिंकी के विवाह ने लोगों का ध्यान जरूर खींचा, लेकिन इस अनूठे विवाह को लेकर बहस भी छिड़ गई है और बहस है इस विवाह को सही और गलत बताने की।
बहस का विषय बना यह विवाह
यह विवाद आस्था के नजरिए से तो सही साबित होता है, लेकिन सामाजिक नियमों के आधार पर यह शादी चर्चा का विषय है क्योंकि देवी-देवताओं से प्रतीकात्मक शादियां बहुत कम होती हैं। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो पर लोगों के रिएक्शन बंटे हुए हैं। कुछ लोग पिंकी की भक्ति की तारीफ कर रहे हैं तो कुछ इस विवाह पर सवाल उठा रहे हैं।
