उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री स्वतंत्र देव सिंह का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है। जिसमें वह महिलाओं से प्रधान को लेकर सवाल पूछते हैं तो महिलायें प्रधान को लुच्चा कहती हुई नजर आ रही हैं। महिलाओं का जवाब सुनकर मंत्री स्वतंत्र देव सिंह भी असहज नजर आने लगे। हालांकि उन्होंने स्थिति को संभाला और अपनी बात जारी रखी।

प्रधान को लेकर स्वतंत्र देव सिंह ने पूछा था सवाल

केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार के 9 साल पूरे होने के अवसर पर कामों को जनता के बीच बताने के लिए स्वतंत्र देव सिंह लखीमपुर खीरी पहुंचे थे। एक जनसभा में मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने मंच से महिलाओं से पूछा, “इन प्रधान जी को आप लोग पहचानती हैं, यही पानी पहुंचा रहे हैं?” इस पर महिलाओं ने जो जवाब दिया उसे सुनकर खुद मंत्री भी हैरान रह गये।

महिला का जवाब सुन हैरान रह गये लोग

स्वतंत्र देव सिंह के सवाल पर महिलाओं ने कहा कि “इनको कौन नहीं जानता हैं, सब जानते हैं, गांव का लुच्चा है।” महिला का जवाब सुनते ही वहां मौजूद तमाम लोग हंसने लगे। इसके बाद स्वतंत्र देव सिंह ने महिला को बैठ जाने का इशारा किया और कहा- ‘अच्छा, बैठ जाओ, बैठ जाओ’। किसी ने इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया और अब यह वायरल हो गया।

यूजर्स की प्रतिक्रियाएं

@Pt_shekhardixit यूजर ने लिखा, “एक महिला मंत्री जी से शिकायत कर रही है और मंत्री जी सरेआम चुप करा रहे हैं। यही है भाजपा का महिलाओं के प्रति सम्मान। जनता पहचान गयी है अब आप लोगों को।” एक यूजर ने लिखा, “अंत में सब हंसने लगे, मंत्री जी ने महिला को बैठा दिया और प्रधान जी भी खुद के लिए लुच्चा सुनकर मुस्कुरा दिए और करते भी क्या? जनता भी क्या करे और बेचारे मंत्री जी भी क्या ही बड़ाई बताएं।”

एक अन्य यूजर ने लिखा, “धीरे-धीरे ही सही लेकिन जनता लुच्चों को पहचानने लग रही है और बहुत जल्द इनको इनकी सही जगह भेज देगी।” ऋषि तिवारी नाम के यूजर ने लिखा कि फिर उसको प्रधान क्यों बना दिया उन्हीं गांव वालों ने? जनता भी कुछ सही नहीं है। @alamjahangir25 यूजर ने लिखा कि जूते से मार लेती लेकिन ऐसी बेइज्जती नहीं करना चाहिए था।