सांप दिखते ही लोगों की हालत खराब हो जाती है। वैसे तो सांप जंगल या झाड़ियों के बीच रहते हैं लेकिन कई बार ये रिहायशी क्षेत्रों में दिखाई देते हैं। घर, दफ्तर, गाड़ी में भी सांप निकलते हैं लेकिन अगर सांप घर की दूसरी, तीसरी मंजिल तक चढ़ जाए तो ये डरावना जरूर है। मुंबई का एक ऐसा ही वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
वीडियो मुंबई से सटे थाणे का बताया जा रहा है। वीडियो में दो युवक एक सांप को रेस्क्यू करते दिखाई दे रहे हैं। सांप एक फ़्लैट की खिड़की से लटका हुआ दिखाई दे रहा है। इस विशाल सांप को देखकर आसपास के लोगों में दहशत फ़ैल गई। बताया जा रहा है कि सांप फ़्लैट में घुसने की कोशिश कर रहा था लेकिन खिड़की की ग्रिल में फंस गया।
रेस्क्यू करने पहुंचे लोगों सांप को खिड़की से निकाला, इसके बाद वह जमीन पर गिरता दिखाई दिया। बताया जा रहा है कि सांप अजगर प्रजाति का था। सोशल मीडिया पर यह वीडियो वायरल हो रहा है और लोग हैरानी जता रहे हैं कि आखिर सांप रिहायशी इलाकों में कहां से आया और खिड़की तक कैसे पहुंचा?
लोगों की प्रतिक्रियाएं
एक ट्विटर यूजर ने लिखा, ‘मैं तो अब अपनी खिड़की को पूरी तरह पैक करवा दूंगा।’ एक ट्विटर यूजर ने लिखा, ‘सांप को छोड़ों, इस बिल्डिंग में जो लोग रह रहे हैं, उन्हें रेक्स्यू किये जाने की जरूरत है।’ एक ने लिखा, ‘हो सकता है कि इसे किसी ने घर में रखा हो, वरना ये मुंबई जैसे शहर में कैसे पहुंच जायेगा, पुलिस को इसकी जांच करनी चाहिए।’
एक ने लिखा, ‘वर्षों तक इधर-उधर भटकने के बाद जब ये सांप अपने पुराने घर पर पहुंचा होगा, जहां अब ये बिल्डिंग खड़ी हुई है। सांप घर में नहीं घुसा बल्कि सांप की जगह पर ये बिल्डिंग बन गई है।’ एक ने लिखा, ‘कम से कम सांप को रेक्स्यू तो ठीक से करना चाहिए। ऊपर से ही नीचे फेंक दिया उसे।’ एक अन्य ने लिखा, ‘इतना बड़ा सांप मुंबई जैसे शहर में हैं तो सोचने वाली बात है।’
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर इस वीडियो को @QueenofThane नाम के अकाउंट से शेयर किया गया है, जिसे देखने के बाद लोग हैरानी जता रहे हैं कि आखिर सांप वहां कैसे पहुंचा।