केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी कांग्रेस को घेरने का कोई मौका नहीं छोडती हैं। अब स्मृति ईरानी ने राजस्थान के सरकारी स्कूलों में महिलाओं के लिए टॉयलेट की उचित व्यवस्था ना होने की खबर पर कांग्रेस पर तंज कसा है। हिमाचल प्रदेश चुनाव में उतरीं प्रियंका गांधी पर इशारों ही इशारों में उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि लड़की हूं लड़ सकती हूं, एक जुमला था।

स्मृति ईरानी ने किया ट्वीट

स्मृति ईरानी ने एक अखबार की कटींग को शेयर किया है, जिसमें बताया गया है कि राजस्थान के हजारों स्कूलों में बाथरूम नहीं है, बाथरूम है तो पानी नहीं है। यहां तक कि महिला अध्यापिकाओं को भी टॉयलेट जाने की व्यवस्था नहीं है। इस पर तंज कसते हुए स्मृति ईरानी ने ट्वीट कर लिखा कि “लड़की हूँ, लड़ सकती हूँ” एक चुनावी जुमला ही है। वर्ना कांग्रेस शासित राजस्थान में महिला टीचर्स हेतु 68,000 स्कूलों में अलग टॉयलेट नहीं है। 6,803 स्कूलों में बेटियों के लिए टॉयलेट नहीं हैं।

लोगों की प्रतिक्रियाएं

स्मृति ईरानी के इस ट्वीट पर तमाम लोग अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। अरविंद दुबे नाम के यूजर ने लिखा कि देश की महिला एवं बाल विकास मंत्री को समस्या नहीं दिखी, कांग्रेस की सरकार दिखी। ऐसी ही समस्याओं के लिए तो आप मंत्री हैं। @AapkoRajasthani यूजर ने लिखा कि कांग्रेस शासित राज्य कि जानकारी तो मिल गई। अब थोड़ा बीजेपी शासित राज्यों के बारे में बता दें? क्या सारे राज्यों में महिलो के अलग टॉयलेट की सुविधा है।

@mantriji1978 यूजर ने लिखा कि ईरानी जी दूसरे राज्य के आकड़े दिखाते समय अपने राज्य के आकड़े भी दिखाया करें। प्रियंका चारण नाम की यूजर ने लिखा कि यह तो सिर्फ आंकड़े हैं, वास्तविक स्तिथि तो इससे भी बुरी है। मेरा निवेदन है राजस्थान के सभी विधायकों से कि एक बार सरकारी विद्यालयों के साफ सुथरे और सुविधा युक्त शौचालयों का उपयोग तो कर देखें। संतोष कुमार नाम के यूजर ने लिखा कि माननीया, केवल यही नहीं, स्टांप पर लड़कियों की बिक्री, बाल-विवाह, बलात्कार, दलितों और आदिवासी महिलाओं पर अत्याचार, धार्मिक और जातीय उत्पीडन भी, कांग्रेस शासित राजस्थान में खूब होता है।

बता दें कि उत्तर प्रदेश चुनाव में प्रियंका गांधी के कैंपेन को ‘लड़की हूं, लड़की सकती हूं’ नाम दिया गया था। यह कैंपेन काफी सुर्ख़ियों में था। अब एक बार हिमाचल प्रदेश चुनाव में प्रियंका गांधी सभाएं कर रही हैं तो फिर पुराने कैंपेन की चर्चा शुरू हो गई है। स्मृति ईरानी ने पुराने कैंपेन का जिक्र कर कांग्रेस पर तंज कसा है।