उत्तर प्रदेश के नोएडा की ओमेक्स सोसाइटी में महिला से गाली गलौज के मामले में गिरफ्तार श्रीकांत त्यागी 20 अक्टूबर यानी गुरुवार को जेल से बाहर आ गया। श्रीकांत त्यागी के बाहर आने पर परिवार और उसके चाहने वालों ने आरती उतारकर मिठाई खिलाई। इस बीच एक टीवी चैनल से बातचीत करते हुए श्रीकांत त्यागी ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के इंटरव्यू का जिक्र करते हुए अपना बचाव किया।

जेल से बाहर आते श्रीकांत त्यागी ने दिया ऐसा बयान

आज तक न्यूज़ चैनल से बात करते हुए श्रीकांत त्यागी ने कहा कि जेल में रहना बहुत संघर्ष का काम होता है। आम इंसान को जेल नहीं जाना चाहिए। ऐसा कोई रास्ता बनाया जाना चाहिए, जिससे जेल ना जाना पड़े। गैंगस्टर एक्ट लगाए जाने के सवाल पर श्रीकांत त्यागी ने कहा कि हमें मीडिया के माध्यम से पता चला था कि हमारे आवास के बाहर शराब पीकर एक महिला ने जबरदस्ती पेड़ लगा रही हैं। वह हमारे घर झगड़ा करने भी आई थी।

श्रीकांत ने बताई पूरी कहानी

इस दौरान श्रीकांत त्यागी ने महिला के साथ हुई गाली गलौज के विषय पर कहा कि मुझे ऐसा नहीं कहना चाहिए था। मैं उस दिन गुजरात से काफी रात में लौट कर आया था, उस दिन में ठीक से सोया भी नहीं था। उन्होंने आगे महिला पर आरोप लगाया कि वह सोसाइटी में हमारे कर्मचारियों से गाली-गलौज कर रही थी। इसके साथ ही त्यागी ने कहा कि बाहर आने पर उस महिला ने हमारे साथ भी गाली – गलौज की थी।

योगी आदित्यनाथ का किया जिक्र

श्रीकांत त्यागी ने यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने स्वयं एक इंटरव्यू में एक पत्रकार से पूछा था कि अगर कोई आपको चाटा मारेगा तो क्या आप दूसरा गाल आगे कर देंगे? इसके जवाब में जब पत्रकार ने कहा कि वह अपना गाल आगे कर देगा तो योगी आदित्यनाथ ने कहा था, ‘नहीं, बल्कि आप आवेश में आकर उसके गाल पर दूसरा चाटा लगा देंगे।’ उन्होंने आगे कहा कि लेकिन हमने महिला पर हाथ नहीं उठाया था जबकि उसने हमें मारने का भी प्रयास किया था।

बीजेपी नेता पर लगाया षडयंत्र रचने का आरोप

योगी आदित्यनाथ सरकार पर कई तरह के सवाल उठाते हुए श्रीकांत त्यागी ने कहा कि जिस तरह का व्यवहार मेरे साथ किया गया, वैसा कभी किसी के साथ नहीं हुआ था। बीजेपी सांसद महेश वर्मा पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि उन्होंने हमारे खिलाफ षडयंत्र रचने का काम किया था। श्रीकांत त्यागी ने आरोप लगाया कि बीजेपी नेता सुनील बंसल के साथ कई लोगों ने मिलकर त्यागी समाज को बीजेपी से दूर करने के लिए षडयंत्र रचा गया।

लोगों की प्रतिक्रियाएं

सोशल मीडिया पर श्रीकांत त्यागी के जेल से बाहर आने के बाद के कई वीडियो सामने आए हैं। जिसमें त्यागी समाज के कुछ लोग और परिवार जन श्रीकांत त्यागी की आरती उतार रहे हैं, वहीं कुछ लोग माला पहना रहे हैं। इसको लेकर सोशल मीडिया यूजर्स का कहना है कि एक गाली ब्याज व्यक्ति को समाज में इतनी इज्जत क्यों दी जा रही है। कुछ लोगों ने योगी आदित्यनाथ सरकार पर सवाल उठाते हुए कहा है कि ऐसे लोगों को अभी और दिन जेल में रखना चाहिए।