कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने पाकिस्तान जाने के लिए पंजाब सरकार के मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू की शानदार तारीफ की है। दिग्विजय सिंह ने नवजोत सिंह सिद्धू को इमरान खान के शपथग्रहण समारोह में जाने के लिए फूल मार्क्स दिये हैं और उन्हें दोनों मुल्कों के बीच शांति का संदेश देने वाला बताया है। दिग्विजय सिंह ने ट्वीट किया, “इमरान खान के शपथ ग्रहण समारोह में जाने और दोनों मुल्कों के बीच दोस्ती का संदेश देने के लिए नवजोत सिद्धू को फुल मॉर्क्स।” बता दें सिद्धू के पाकिस्तान दौरे पर भारत में विवाद हो गया है। इमरान खान के शपथ ग्रहण के दौरान सिद्ध पाक आर्मी चीफ जनरल बाजवा से गले मिले थे। यहीं नहीं उन्हें पाक अधिकृत कश्मीर के कथित राष्ट्रपति के बगल में बैठने को कहा गया था। बीजेपी ने इस पर सख्त प्रतिक्रिया दी थी।

कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने इमरान खान को बधाई दी है। दिग्विजय सिंह ने ट्वीट किया, “इमरान पहले टेस्ट कप्तान हैं जो किसी देश के प्रमुख बने हैं, बधाई, वो ऐसे पहले पाकिस्तानी पीएम हैं जो बड़े पैमाने पर भारत में भ्रमण किये हैं, किसी भी पाकिस्तानी से ज्यादा, क्या वो दूसरे से अलग होंगे? क्या वे भारत के प्रति निष्पक्ष और दोस्ताना हो पाएंगो।” दिग्विजय सिंह ने कहा, “क्या वो धार्मिक कट्टरपंथियों पर लगाम लगा पाएंगे, क्या वे लश्कर, आईएसआईएस, तालिबान और दूसरे आतंकी संगठनों पर पाकिस्तान में लगाम लगा पाएंगे। क्या वे आईएसआई और सैन्य प्रतिष्ठान के दबाव का विरोध कर पाएंगे।” दिग्विजय सिंह ने कहा कि गठबंधन की सरकार और बमुश्किल बहुमत की वजह से उनके लिए ऐसा कर पाना मुश्किल होगा, उन्हें हमारी शुभकामनाएं।”

वहीं सिद्धू ने भारत आकर सफाई दी है। सिद्धू ने कहा है कि इमरान खान के शपथ ग्रहण में कौन कहां बैठेगा, ये पहले से तय था। सिद्धू ने कहा कि उनकी पाकिस्तान यात्रा को गलत नजरिये से नहीं देखा जाना चाहिए। सिद्धू के मुताबिक पाकिस्तान में उन्हें बेहद प्यार मिला है। सिद्धू ने कहा कि जब पाक आर्मी चीफ उन्हें मिले थे तो उन्होंने करतारपुर बॉर्डर खोलने पर बात की थी।