गुजरात विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी पारा चढ़ा हुआ है। गुजरात में आम आदमी पार्टी, बीजेपी और कांग्रेस के बीच मुकाबला होने जा रहा है। आम आदमी पार्टी गुजरात में भाजपा को टक्कर देने की बात कह रही है। इसी बीच गुजरात विधानसभा चुनाव से जुड़ा एक सर्वे सामने आया जिसमें गुजरात में एक बार फिर भाजपा की सरकार बनती दिखाई दे रही है जबकि आम आदमी पार्टी तीसरे नंबर की पार्टी बन रही है। इसी सर्वे पर चर्चा के दौरान आप सांसद भाजपा की तुलना डकैत गब्बर सिंह से कर दी!
“कांग्रेस को बर्बाद करने में हमारी क्या जरूरत?”
कांग्रेस ने AAP पर वोट काटने का आरोप लगाया तो जवाब देते हुए AAP राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने कहा कि मुझे बताइए कि कांग्रेस को खत्म करने के लिए किसी बाहरी व्यक्ति की जरूरत कहां है? एक फिल्म आई थी कि दुल्हा बिकता है। आज के समय में चौराहे पर खड़े होकर कहते हैं कि कांग्रेस विधायक बिकता है। पूरे देश में कांग्रेस के विधायक बिक रहे हैं, उन्हें बर्बाद करने के लिए हमारी क्या जरूरत?
“गब्बर सिंह पूछ रहा कि हमने डकैती की या नहीं की?”
संजय सिंह ने भाजपा पर हमला करते हुए कहा कि सुधांशु जी कह रहे हैं कि विधायक कौन खरीद रहा है? बीजेपी इतना भोला बालक बन जाती है कि ये हमसे पूछ रहे हैं महाराष्ट्र, अरुणाचल, उत्तराखंड, एमपी की सरकार किसने तोड़ी? ये हम बताएं? ये बताएं कि रामचरितमानस की कौन सी चौपाई पढ़कर विधायक तोड़ते हैं? ये तो वही बात हो गई कि हाफिज सईद बोले कि मैंने आंतकी घटना को अंजाम दिया या नहीं? गब्बर सिंह पूछे कि बताओं हमें डकैती की या नहीं की?
भाजपा प्रवक्ता ने ऐसे दिया जवाब
सुधांशु त्रिवेदी ने संजय सिंह को जवाब देते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी के लोग खुद अपने विधायकों के रेट बताकर उन्हें टिकाऊ नहीं बल्कि बिकाऊं बता रहे थे लेकिन AAP खरीददार का नाम नहीं बता पा रही थी। आज जो कांग्रेस, AAP को वोटकटवा बोल रही है, इसी कांग्रेस ने शुरुआत में AAP को वोट काटने के लिए ही चुनाव लड़वा रही थी और आज AAP, कांग्रेस से आगे निकल गई।
बता दें कि आम आदमी पार्टी गुजरात में लगातार चुनाव प्रचार कर रही है। AAP का कहना है कि कांग्रेस को वोट देना बेकार है क्योंकि चुनाव के बाद कांग्रेस के विधायक भाजपा में शामिल हो जायेंगे या भाजपा उन्हें खरीद लेगी। इसलिए आम आदमी पार्टी को वोट दें जबकि कांग्रेस आम आदमी पार्टी को वोटकटवा पार्टी कहती रही है। गुजरात चुनाव को लेकर तीनों पार्टियां जमकर एक दूसरे पर हमला कर रही हैं।