उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के नतीजों में कांग्रेस पार्टी को 2 सीटें मिली हैं। इसको लेकर राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत से सवाल किया गया तो उन्होंने कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी की तारीफ कर कहा कि यूपी में 403 सीटों पर कांग्रेस का उम्मीदवार खड़ा करना उनकी उपलब्धि है। बीजेपी प्रवक्ता संबित पात्रा ने अशोक गहलोत के इस वीडियो को शेयर करते हुए चुटकी ली है।
संबित ने यूं ली चुटकी : बीजेपी प्रवक्ता ने वीडियो शेयर कर लिखा कि प्रियंका जी की तारीख में अशोक गहलोत ने कहा, ‘ उत्तर प्रदेश में प्रियंका वाड्रा ने 403 कांग्रेस उम्मीदवार खोज निकाले… ये कोई कम बड़ी उपलब्धि है क्या? बधाई हो प्रियंका जी… इतनी बड़ी उपलब्धि के लिए। संबित पात्रा द्वारा शेयर किए गए वीडियो पर सोशल मीडिया यूजर्स कई तरह की प्रतिक्रिया देते नजर आ रहे हैं।
यूजर्स के कमेंट : अमिताभ रंजन नाम के यूजर पूछते हैं कि इस उपलब्धि पर प्रियंका जी को बधाई दी जाए या फिर मौन रहना ही वाजिब है। सूरज पांडे नाम के ट्विटर यूजर कांग्रेस पर तंज कसते हुए लिखते हैं कि सही बात है, यूपी में कोई कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ने को तैयार ही नहीं था। संजू लिखते हैं – अब राजस्थान में भी उनसे यह उपलब्धि करवानी है।
अनन्या नाम की एक यूजर हंसने वाली इमोजी के साथ कमेंट करती है कि गहलोत जी के कहने का मतलब है, अब कांग्रेस को कैंडिडेट मिलना दुर्लभ हो गया है। अशोक भारद्वाज नाम के एक यूजर लिखते हैं, ‘ इस हिसाब से 403 सीटों में 2 सीट पर जीत दर्ज करना ऐतिहासिक क्रांति है।’ गणेश जांगिड़ नाम के एक यूजर ने कमेंट किया कि भगवान करे ऐसी ही उपलब्धि बार-बार हासिल हो।
यूपी चुनाव में कांग्रेस को मिली है 2 सीट : उत्तर प्रदेश विधान सभा चुनाव 2017 में कांग्रेस को केवल 2 सीटों पर जीत मिली है। यूपी चुनाव के पहले कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी विपक्ष के रूप में खूब सक्रिय नजर आ रही थी। बता दें कि 2017 के विधानसभा चुनाव के दौरान एनडीए गठबंधन को 325 सीटें मिली थी। वहीं समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के गठबंधन को 54 सीटें मिली थी। जिसमें से कांग्रेस के पास 7 सीटें थीं।