प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तीन दिवसीय यूरोप दौरे पर गए हैं। अपनी यात्रा के पहले दिन जर्मनी की राजधानी बर्लिन पहुंचे प्रधानमंत्री का वहां प्रवासी भारतीयों ने जोरदार स्वागत किया। इस दौरान वहां कुछ प्रवासी भारतीयों ने पीएम मोदी की आगवानी में जर्मनी के ब्रैंडेनबर्ग गेट के बाहर भगवा झंडा लहराते हुए नजर आए। इसका वीडियो पीएमओ इंडिया के ट्विटर हैंडल से शेयर किया गया तो कांग्रेस नेताओं ने तंज कसा।
इस वीडियो पर कांग्रेस नेता सलमान प्रतापगढ़ी ने कमेंट कर सवाल किया कि भारत देश का झंडा तिरंगा कहां है? कांग्रेस प्रवक्ता रागिनी नायक ने पीएम मोदी पर तंज कसते हुए लिखा, ‘ये भारत का राष्ट्रीय ध्वज तो नहीं है मोदी जी।’ कांग्रेस नेत्री पंखुड़ी पाठक लिखती हैं – पीएम मोदी को बताना चाहिए कि भारतीय तिरंगा ऐसा होता है। इसके साथ उन्होंने तिरंगे की इमोजी डाली है।
आम यूजर्स के कमेंट्स : रेशमा शाहिद नाम की एक यूजर सवाल करती हैं कि फ्लेवर ऑफ़ इंडिया? बिना भारतीय तिरंगे के? केवल भगवा रंग से सेलिब्रेशन किया जा रहा है। अनिरुद्ध सिंह नाम के एक युवक द्वारा लिखा गया, ‘ भारतीय ध्वज तिरंगा की जगह भगवा लहराया जा रहा है और प्रधानमंत्री इस पर गर्व की अनुभूति कर रहे हैं। नरेंद्र मोदी राष्ट्र से बड़ा धर्म हो गया?’
अभय लाल नाम के एक यूजर ने कमेंट किया कि मैं एक भारतीय हूं लेकिन मैं यह कह सकता हूं कि यह मेरा फ्लेवर नहीं है। सुरेंद्र प्रताप पूछते हैं कि यह किस देश क का झंडा है। दिनेश अग्रवाल नाम के एक यूजर द्वारा लिखा गया कि राष्ट्रीय ध्वज में हरा रंग कांग्रेसियों की देन है। यदि सरदार पटेल या बोस प्रधानमंत्री बने होते तो हमारे राष्ट्रीय ध्वज में केवल भगवा ही रहता। श्वेता नाम के टि्वटर हैंडल से लिखा गया कि यह देखकर कांग्रेस वालों को इतनी दिक्कत क्यों हो रही हो। महाराष्ट्र में भगवा ध्वज तो खूब लहराया जाता है।
राखी त्रिपाठी नाम के एक टि्वटर हैंडल से कमेंट किया गया, ‘ हमारे भारतीय झंडा कहां है? आरएसएस वाले लोगों के झंडे की हमें जरूरत नहीं है। भारत की पहचान केवल तिरंगा है।’ सूरज त्रिपाठी नाम के एक यूजर द्वारा लिखा गया कि अभी यह लोग अपना तिरंगा भी बदलने पर लगे हुए हैं। नवीन कुमार लिखते हैं, ‘ प्रधानमंत्री के आधिकारिक ट्विटर हैंडल से इस तरह की पोस्ट की जाती है, देश का प्रतिनिधित्व भगवा वाले कर रहे हैं। अब क्या ही कहा जाए?’