RJD प्रमुख और बिहार के पूर्व के मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव (Lalu Prasad Yadav, Health) का सिंगापुर में सफलतापूर्वक किडनी ट्रांसप्लांट हो गया है। लालू प्रसाद यादव की बेटी रोहिणी आचार्य (Rohini Acharya) ने अपनी किडनी डोनेट की है। पिता के लिए किडनी डोनेट करने के बाद सोशल मीडिया पर रोहिणी आचार्य की जमकर तारीफ हो रही है। नेता, मंत्री, सांसद से लेकर आम इंसान तक रोहिणी आचार्य के मुरीद हो चुके हैं। बता दें कि रोहिणी आचार्य अपने परिवार के साथ सिंगापुर (Rohini Acharya, Singapore) में रहती हैं, सिंगापुर में ही लालू प्रसाद का इलाज चल रहा है।

रोहिणी आचार्य की तारीफ में केंद्रीय मंत्री ने किया ट्वीट

केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह (Union Minister Giriraj Singh) ने रोहिणी आचार्य की तस्वीर को शेयर करते हुए लिखा है कि “बेटी हो तो रोहणी आचार्य जैसी” गर्व है आप पर, आप उदाहरण होंगी आने वाले पीढ़ियों के लिए। भाजपा सांसद निशिकांत दुबे (BJP MP Nishikant Dubey) ने ट्वीट कर लिखा कि मुझे भगवान ने बेटी नहीं दी, आज रोहिणी आचार्य को देखकर सचमुच भगवान से लड़ने का दिल कर रहा है है। मेरी नानी हमेशा कहती थी कि बेटा से बेटी भली जो कुलवंती हो।

रोहिणी आचार्य पर लोगों की प्रतिक्रियाएं

अर्पिता आर्या ने लिखा कि बेटी हो तो रोहणी आचार्य जैसी, आज हर किसी के मुंह पर यही बात है, गर्व है आप पर। पंकज झा ने लिखा कि रोहिणी ने अपने पिता लालू जी को किडनी देकर ये साबित कर दिया है कि बेटियां ही पापा की लाड़ली होती हैं, ईश्वर से प्रार्थना है कि पिता पुत्री स्वस्थ रहें। दीपिका पाण्डेय (कांग्रेस विधायक) ने लिखा कि लालू प्रसाद यादव जी का किडनी ट्रांसप्लांट सफल रहा। लालू जी को उनकी बेटी रोहिणी ने किडनी डोनेट की है। बहन रोहिणी के जज़्बे को भी सलाम।

खेसारी भी हुए मुरीद

भोजपुरी अभिनेता और गायक खेसारी लाल यादव (Khesari Lal Yadav) ने भी ट्वीट कर रोहिणी की तारीफ की। उन्होंने लिखा कि बहन रोहिणी जो आपने किया उससे हर पिता आज गर्व महसूस कर रहा होगा। बेटी होना सौभाग्य की बात होती है, आज फिर से पूरी दुनिया इस बात की साक्षी बनी। भाजपा बिहार के प्रवक्ता निखिल आनंद ने कहा, ‘रोहिणी ने अपने पिता के लिए एक महान बेटी के रूप में अपनी पहचान बनाई है। उसने दूसरों के लिए एक मिसाल कायम की है। रक्षा नाम की यूजर ने लिखा कि “लालू जी की बेटी रोहिणी आचार्य ने अपने पापा को एक किडनी दे दी।” ये कितनी प्यारी बात है न! जिस समाज में बेटियों के पैदा होने पर लोग दुखी हो जाते हैं, वहीं बेटियां ही पिता के लिए जीवनदान साबित होती हैं।

बता दें कि सफल ऑपरेशन की जानकारी देते हुए तेजस्वी यादव (Tejasavi Yadav) ने लिखा कि पापा का किडनी ट्रांसप्लांट ऑपरेशन सफलतापूर्वक होने के बाद उन्हें ऑपरेशन थियेटर से आईसीयू में शिफ्ट किया गया। डोनर बड़ी बहन रोहिणी आचार्य और राष्ट्रीय अध्यक्ष (RJD President) जी दोनों स्वस्थ हैं। रोहिणी आचार्य की सोशल मीडिया पर खूब तारीफ हो रही है! बहुत से लोगों ने लालू प्रसाद यादव (Lalu Prasad Yadav, Singapore ) को एक सौभाग्यशाली पिता भी बताया है, जिनके पास रोहिणी आचार्य जैसी बेटी है।