कांग्रेस की तरफ से 5 अगस्त को देशभर में जोरदार प्रदर्शन हुआ। काले कपड़े पहन कांग्रेस नेता सड़क पर उतरे और विरोध जताया। राहुल और प्रियंका गांधी के अलावा सांसद, विधायक और नेता इस प्रदर्शन में शामिल हुए। कांग्रेस के आव्हान पर हुए इस विरोध प्रदर्शन और काला कपड़ा पहनकर प्रदर्शन करने पर केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले ने अपनी कविता के जरिये तंज कसा है।

केंद्रीय मंत्री आठवले ने कांग्रेस पर बोला हमला 

रामदास आठवले ने कहा कि ‘अमित शाह जी ने जो कहा है हम उसका समर्थन करते हैं। कांग्रेस पार्टी के लोग सेक्युलर -सेक्युलर करते हैं लेकिन वो सेक्युलर का मतलब नहीं जानते। सेक्युलर का मलतब है सर्व धर्म सम भाव! सभी धर्मों का आदर करना ही सेक्युलरिज्म होता है। माननीय नरेंद्र मोदी जी ने आज ही के दिन राम मंदिर निर्माण के लिए नींव रखी थी और आज ही के दिन कांग्रेस पार्टी ने काले कपड़े पहनकर किया।

कविता पढ़ कांग्रेस पर कसा तंज

केंद्रीय मंत्री आठवले ने कहा कि ‘उनको महंगाई के खिलाफ आन्दोलन करने का अधिकार है लेकिन 75 सालों में से 62-63 साल कांग्रेस सत्ता में रही है, उनके पास महंगाई कम करने का मौका था तक किया नहीं लेकिन अब राजनीती, नाटक और नौटंकी करने के लिए काले कपड़े पहनकर प्रदर्शन किया है जो कि बड़ी गंभीर बात है।’ कविता पढ़ते हुए रामदास आठवले ने कहा कि ‘कांग्रेस वालों ने पहना था आज कपड़ा काला, एक दिन उनके मुंह को लगा देंगे ताला। इनके गले में भ्रष्टाचार की माला, इसीलिए इन्होने पहना था कपडा काला।’ रामदास आठवले की इस कविता पर लोग अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। 

आठवले की कविता पर लोगों की प्रतिक्रियाएं

एम खान नाम के यूजर ने लिखा कि ‘एक लिस्ट बना कर दे दो कि कांग्रेस किस-किस के लिए ज़िम्मेदार है, उसके बाद बची हुई चीजों पर बात कर लेंगे।’ नौशाद शेख नाम के यूजर ने लिखा कि ‘सही बात ये सरकार बनाने के लिए कांग्रेस ही जिम्मेदार है, ना सरकार बनती और न ही कमरतोड़ मंहगाई बढ़ती।’ संजीत कुमार ने लिखा कि ‘2014 से पहले BJP के प्रदर्शन क्या थे?’

ब्रिजेश शुक्ला नाम के यूजर ने लिखा कि ‘आप और सरकार किसके लिए जिम्मेदार हो? हर चीज के लिए कांग्रेस और नेहरू पर ठीकरा फोड़ने के अलावा कुछ आता है भाजपा और उसके सहयोगियों को?’ कुलदीप सिंह नाम के यूजर ने लिखा कि ‘केंद्र सरकार, कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन को धार्मिक तूल ना दे। राम सभी के हैं और हमारी धार्मिक भावनाओं को आहत न करें। विपक्ष का काम है सरकार को मुद्दे पर घेरना, प्रदर्शन करना ,काला रंग विरोध का प्रतीक है।’

बता दें कि कांग्रेस की तरफ से 5 अगस्त को काला कपड़ा पहनकर प्रदर्शन किया गया था। भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया था कि 5 अगस्त को ही श्री राम मंदिर निर्माण के लिये भूमिपूजन हुआ था इसीलिए कांग्रेस काले कपड़े पहनकर राम मंदिर के विरोध में प्रदर्शन कर रही है। भाजपा नेताओं ने इसे राम भक्तों का अपमान बताया था।