महाराष्ट्र के मुंबई का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जहां इमारतों के बीच एक फव्वारा दिखाई दे रहा है। इस फव्वारे का पानी आठवीं मंजिल तक पहुंचते हुए देखा जा सकता है। हालांकि ये कोई फव्वारा नहीं बल्कि पानी की पाइप लाइन टूटने के कारण यह स्थिति पैदा हुई। अब इस वीडियो को लेकर सोशल मीडिया पर लोग BMC पर तंज कस रहे हैं।

मुंबई में आठवीं मंजिल तक पहुंचा पानी

मुंबई के अंधेरी में दोपहर करीब 2 बजे के आप पास लोखंडवाला में पानी का पाइप लाइन टूट गया। पानी का दबाव इतना अधिक था कि पानी आठवीं मंजिल तक पहुंच रहा था। लाखों लीटर पानी बर्बाद हो गया और इलाके में जलजमाव हो गया। पाइप के फटने की जानकारी मिलने के बाद BMC के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और पानी की सप्लाई को रुकवाया।

सोशल मीडिया यूजर्स की प्रतिक्रियाएं

एक ट्विटर यूजर ने लिखा, ‘झरना खुद चलकर हम लोगों के पास पहुंचा है, हमें खुशी मनानी चाहिए। नवलकांत सिन्हा ने लिखा, ‘देखने में खूबसूरत है लेकिन है भयावह। मुंबई के लोखंडवाला में कल बीएमसी की वॉटर पाइप लाइन फट गयी। बगल में 8 मंजिल की इमारत थी, उसके ऊपर से पानी का फव्वारा निकल रहा था। सोचिए इस पानी की जद में कोई आ जाता तो।’ एक अन्य ने लिखा, ‘मुंबई के लोगों को अब उत्तराखंड जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी, झरना खुद चलकर पहुंचा है।

एक अन्य ट्विटर यूजर ने लिखा, ‘पानी की बर्बादी हुई, अब मुंबई के कई इलाकों पर पानी की सप्लाई बंद हो जाएगी, इसके लिए क्या कोई जिम्मेदार भी है? पानी ना मिलने से आम आदमी ही परेशान होते हैं।’ एक ट्विटर यूजर ने लिखा, ‘मुंबई में पानी कमी हमेशा रहती है, इसके बावजूद पानी की बर्बादी हो रही है। हम सरकार को धन्यवाद देते हैं कि कम से कम उन्होंने घर बैठे झरना देखने का आनंद दिया है।’

बीएमसी कर्मचारियों ने पाइप लाइन के मरम्मत का काम तुरंत शुरू कर दिया था। जानकारी के अनुसार, इस पाइपलाइन की मरम्मत का काम पूरा होने तक मिल्लत नगर, एसवीपी नगर म्हाडा और लोखंडवाला इलाकों में पानी की आपूर्ति नहीं होगी। बताया गया कि कई इलाकों में गुरुवार को पानी की आपूर्ति नहीं की जा सकेगी।