आम आदमी पार्टी के नेता भगवंत मान ने बुधवार को पंजाब के मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ली। उनका शपथ ग्रहण समारोह शहीद भगत सिंह के गांव खटकंड कलां में हुआ। भगवंत मान के साथ शपथ समारोह में दिल्ली के मुख्यमंत्री व आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल भी थे। शपथ समारोह के बाद भगवंत मान ने मुख्यमंत्री का कामकाज संभाला।

भगवंत मान के मुख्यमंत्री पद के कामकाज संभालने के बाद कांग्रेस नेता श्रीनिवास वीवी ने एक तस्वीर शेयर कर उन पर तंज कसा। इस तस्वीर में भगवंत मान मुख्यमंत्री का कार्यभार ग्रहण करते दिखाई दे रहे हैं, वहीं उनके पीछे डॉक्टर भीमराव अंबेडकर और शहीद भगत सिंह की तस्वीर लगी हुई है। इसी को लेकर कांग्रेस नेता ने निशाना साधा है। इस तस्वीर के साथ कांग्रेस नेता ने लिखा, ‘ छोटे संधियों के नए पंजाब में अब ‘बापू’ की कोई जगह नहीं?’

यूजर्स के कमेंट : कांग्रेस नेता द्वारा शेयर की गई तस्वीर पर सोशल मीडिया यूजर्स भी कई तरह की प्रतिक्रिया देते नजर आ रहे हैं। आम आदमी पार्टी के मुंबई टि्वटर हैंडल से लिखा गया कि बापू की जगह हमारे दिल में है। उनकी तस्वीर तो आपको चेन्नई साहब के गैर कानूनी माइनिंग अड्डों पर भी मिल जाएगी। सुलेमान नाम के एक टि्वटर हैंडल से कमेंट किया गया, ‘ महात्मा गांधी की तस्वीर सरकारी दफ्तर में अनिवार्य कर देनी चाहिए।’

मनु नाम के एक यूजर ने लिखा – पंजाब में हार के बाद बौखलाए हुए कांग्रेसी कुछ भी बोले जा रहे हैं। इन्हें भगत सिंह और अंबेडकर संघी दिखाई देते हैं। अमित नाम के एक यूजर ने कमेंट किया कि अब कांग्रेस के पास कुछ नहीं बचा है तो इस तरह की तस्वीरों में कुछ भी ढूंढने का प्रयास कर रहे हैं। प्रीत नाम के एक यूजर ने लिखा, ‘ आपको भगत सिंह और डॉ आंबेडकर से क्या दिक्कत है?’

सुमित्र नाम के एक यूजर लिखते हैं, ‘ जो लगी है, उससे आपको क्या दिक्कत है? हमारी कमी यही है कि हमने अपने आदर्शों को केवल तस्वीर तक बांध कर रख दिया है।’ आशीष नाम के एक टि्वटर हैंडल से लिखा गया कि दर्द यह नहीं है कि बापू को जगह क्यों नहीं दी, दर्द इस बात का है कि अंबेडकर को जगह कैसे दे दी। जानकारी के लिए बता दें कि पंजाब विधानसभा चुनाव 2022 में आम आदमी पार्टी ने प्रचंड जीत हासिल की है।