कांग्रेस राहुल गांधी के नेतृत्व में ‘भारत जोड़ो यात्रा’ कर रही है। इस बीच भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस एक – दूसरे पर जमकर हमला बोल रहे हैं। इसी क्रम में कांग्रेस ने अपने सोशल मीडिया हैंडल से जलती हुई खाकी निक्कर की एक तस्वीर शेयर की। जिसके बाद बीजेपी नेताओं का पारा हाई हो गया। इसी को लेकर कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने एक ट्वीट किया। जिस पर बीजेपी प्रवक्ता तजिंदर सिंह बग्गा ने पलटवार किया।

पवन खेड़ा ने किया ऐसा ट्वीट

कांग्रेस नेता ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर लिखा, ‘सुना है देश को जलाने वाले, एक निकर की जलती हुई फोटो देखकर उत्तेजित हो रहे हैं।’ कांग्रेस नेता द्वारा किए गए इस ट्वीट पर तंज कसते हुए तेजिंदर पाल सिंह बग्गा ने कमेंट किया कि 1984 में सिक्खों के गलों में टायर डालकर जलाने वाले और 2002 में कारसेवक हिंदुओं को जिंदा ट्रेन में जलाने वालों से और देश उम्मीद भी क्या कर सकता है?

लोगों की प्रतिक्रियाएं

इन दोनों नेताओं द्वारा किए गए ट्वीट पर आम सोशल मीडिया यूजर्स भी कई तरह के रिएक्शन देते नजर आ रहे हैं। कुछ लोगों ने बीजेपी पर सवाल उठाया है तो वहीं कुछ लोगों ने कांग्रेस पर भी निशाना साधा है। फिल्ममेकर अशोक पंडित ने तंज कसते हुए लिखा कि 1947 से आज तक देश को चलाने के अलावा आपकी पार्टी ने किया ही क्या है खेड़ा साहब? सिखों के नरसंहार के दृश्य आज भी याद करके रूह कांप जाती है। कुछ तो शर्म करिए। पुनीत अग्रवाल नाम के ट्विटर यूजर ने कमेंट किया – सुना है, जिन से कांग्रेस नहीं जोड़ा जा रहा है, वो भारत जोड़ों का ड्रामा करने निकले हैं।

अभिनव शुक्ला नाम के ट्विटर यूजर ने लिखा कि जब भाजपा को कुछ बोला ही नहीं जा रहा है तो भाजपा वाले इतना बौखला क्यों रहे हैं। योगेश नाम के एक यूजर ने कमेंट किया कि या सिर्फ एक जलती हुई निक्कर नहीं है, ये इशारा है आर एस एस कार्यकर्ताओं की हत्या का और उनके घरों में आगजनी करने का। कांग्रेस का मुखौटा देश देख रहा है।

कांग्रेस ने किया था ऐसा ट्वीट

कांग्रेस ने खाकी निक्कर में आग लगने वाली तस्वीर साझा करते हुए लिखा था कि नफरत की बेड़ियों से देश को मुक्त कराना है और बीजेपी, आरएसएस के किए गए नुकसान की भरपाई करना है। एक-एक कदम करके हम अपने लक्ष्य तक पहुंचेंगे। कांग्रेस के इस ट्वीट पर पलटवार कर बीजेपी की ओर से कहा गया कि कांग्रेस हिंसा के लिए उकसा रही है और उसकी यात्रा ‘भारत तोड़ो यात्रा’ है।