देश की राजधानी दिल्ली का दिल कहे जाने वाले कनॉट प्लेस में दो दिन पहले ऐसी घटना घटी जिसने कई लोगों को शर्मसार कर दिया। दरअसल, बीते शुक्रवार को सीपी में लगी विज्ञापन की बड़ी स्क्रीन पर अश्लील वीडियो चलने से हड़कंप मच गया। यह मामला देर शाम का है। पुलिस को इस संबंध में रात 10:30 बजे एक कॉल मिली थी जिसमें कहा गया था कि कनॉट प्लेस में एनडीएमसी द्वारा प्रतिबंधित विज्ञापन वाली स्क्रीन पर अश्लील वीडियो दिखाई जा रही है।

पुलिस ने बंद कराई वीडियो और दर्ज किया केस

पुलिस को मिली सूचना के बाद काफी देर बाद जाकर बड़ी स्क्रीन पर चल रही उस वीडियो को बंद कराया जा सका, लेकिन तब तक सैंकड़ों लोगों ने उस वीडियो को देख लिया था। कई विदेशी नागरिकों ने भी उस वीडियो को देखा। इस मामले में पुलिस ने केस भी दर्ज किया है। इस मामले में एनडीएमसी ने कहा है कि यह घटना उसके डिजिटल सिस्टम में उल्लंघन का परिणाम प्रतीत होती है।

किसी ने सिस्टम हैक किया है- NDMC

NDMC ने इस मामले की जांच शुरू कर दी है और यह पता लगाया जा रहा है कि यह अप्रिय घटना आखिर कैसे घटित हुई। काउंसिल की ओर से एक बयान में कहा गया है, “हम यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि फायरवॉल का उल्लंघन कैसे हुआ। चूंकि केवल एक ही जगह पर लगी स्क्रीन पर अश्लील वीडियो चला है। अन्य 49 स्क्रीन पर कुछ नहीं हुआ। इसलिए माना जा रहा है कि किसी ने अच्छी तकनीक का इस्तेमाल करके हमारे सिस्टम को हैक किया है। हम ऐसा करने वाले की पहचान कर रहे हैं।”

सोशल मीडिया पर यूजर्स के रिएक्शन

इस मामले के आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने फनी रिएक्शन देने शुरू कर दिए हैं। एक यूजर ने कमेंट कर लिखा है- हे जगन्नाथ यह क्या हो रहा है? वहीं लालचंद नाम के एक यूजर ने कहा है कि बिहार का रेलवे स्टेशन हो या फिर देश की राजधानी न जाने कब क्या चल जाए। एक यूजर ने कहा है कि पटना तो यूं ही बदनाम है असल कांड तो दिल्ली में हो रहे हैं। एक यूजर ने कमेंट में लिखा है- ये सारे काम सबसे महंगे इलाके में ही क्यों होते हैं?