दिल्ली में सांसदों ने तिरंगा बाइक रैली निकाली। उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू ने लाल किला से तिरंगा बाइक रैली को रवाना किया। इस दौरान केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी भी स्कूटी चलाती नजर आईं, वहीं बीजेपी सांसद दिनेश लाल यादव उर्फ निरहुआ भी बाइक चलाते नजर आए। उन्होंने अपनी तस्वीर शेयर की तो लोग उन्हें ट्रोल करने लगे।
नहीं पहना था हेलमेट…
तिरंगा बाइक रैली में शामिल हुए दिनेश लाल निरहुआ मोटरसाइकिल चला रहे थे, उनके पीछे बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे बैठे हुए थे। इन दोनों नेताओं ने हेलमेट नहीं लगाया था, जिसको लेकर सोशल मीडिया यूजर्स खूब ट्रोल कर रहे हैं। सोशल मीडिया पर लोगों का कहना है कि क्या सारे नियम कानून आम आदमी के लिए ही बनाए गए हैं? नेता इन नियमों का पालन क्यों नहीं करते हैं?
निशिकांत दुबे और निरहुआ ने शेयर की तस्वीर
तिरंगा यात्रा की तस्वीर शेयर करते हुए निरहुआ ने अपनी सोशल मीडिया हैंडल पर लिखा, ‘आजादी के अमृत महोत्सव के तहत संस्कृति मंत्रालय द्वारा लाल किला से विजय चौक पर आयोजित तिरंगा यात्रा में साथ ही संसद सदस्यों के साथ शामिल हुआ।’ वहीं भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने भी तिरंगा यात्रा की तस्वीरें शेयर करते हुए कमेंट किया कि आजादी के अमृत महोत्सव के समय संस्कृति मंत्रालय द्वारा आयोजित रंगा यात्रा में लाल किला से विजय चौक तक शामिल हुआ।
लोगों ने कर दिया ट्रोल
रचित विश्वकर्मा नाम के ट्विटर यूजर ने कमेंट किया कि अरे निरहुआ जी हेलमेट तो लगा लेते। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस क्या अब हेलमेट पहनना अनिवार्य नहीं है या फिर भाजपाइयों को विशेष छूट है? राहुल संस्कृत ज्ञान नाम के एक यूजर ने पूछा – दिल्ली ट्रैफिक पुलिस, चालान होगा…इन्हें यहां भी फ्री फंड की सेवा मिली हुई है? शादाब नाम के एक यूजर लिखते हैं कि क्या सारे नियम कानून आम जनों पर ही लागू होंगे? हमारे प्यारे सांसद जी ने हेलमेट नहीं लगाया है, क्या ये नॉर्मल है?
विपिन नाम के ट्विटर यूजर द्वारा लिखा गया कि दिल्ली ट्रैफिक पुलिस, क्या इन लोगों को हेलमेट ना पहनने की छूट दी गई है? विजय पाल सिंह नाम के एक यूजर ने तंज कसते हुए लिखा कि मतलब बिना हेलमेट के दिल्ली में जाया जा सकता है। शुक्रिया सर, बताने के लिए…आज से चालान नहीं कटेगा। विक्रम सिंह नाम के एक यूजर ने पूछा कि क्या हेलमेट लगाने के लिए मना किया गया था? बृजेश नाम के एक यूजर ने तंज कसते हुए लिखा, ‘ हेलमेट लगा लेते सांसद जी तो फोटो कैसे आती। कुछ तो करना पड़ेगा ना।’