उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले के मऊआइमा इलाके से लड़की से छेड़छाड़ का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में कुछ लड़के लड़की के मंगेतर के सामने उससे छेड़खानी कर रहे हैं। सोशल मीडिया पर वीडियो आने के बाद लोग योगी आदित्यनाथ सरकार की पुलिस पर कई तरह के सवाल भी उठा रहे हैं।

जानिए पूरा मामला?

प्रयागराज में लड़की अपने मंगेतर से साथ कहीं जा रही थी। इस दौरान मनचलों ने उनको रास्ते में रोक लिया और अश्लील हरकतें करने लगे। जिसके बाद मंगेतर मनचलों के पैर पर गिर कर अपनी होने वाली पत्नी को छोड़ने की गुहार लगा रहा था लेकिन मनचले लगातार लड़की के साथ अश्लील हरकतें कर रहे थे। जबकि लड़की बार-बार कह रही थी कि हमारी सगाई हो गई है, चाहे तो घर में पता कर लो।

वीडियो भी बनाया

मनचलों ने छेड़खानी का वीडियो भी बनाया। इस दौरान लड़की के मंगेतर को धमकाते हुए शोहदो ने यह भी कहा कि पैर छोड़ दे नहीं तो बहुत मारूंगा। जबकि पीड़िता अपना मुंह छुपाने में लगी हुई थी और उसका मंगेतर मनचलों के पैरों में गिर कर अपनी मंगेतर को छोड़ देने के लिए गुहार लगा रहा था। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक लड़का अपनी मंगेतर से मिलने आया था, इस दौरान मनचलों ने घटना को अंजाम दिया।

पुलिस ने लिया संज्ञान

उत्तर प्रदेश पुलिस ने सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो को संज्ञान में लेते हुए मुकदमा दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने की बात कही। वहीं एसएसपी शैलेश कुमार ने कहा कि शिकायत मिलने पर तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जिसमें से एक आरोपी शहर छोड़कर मुंबई चला गया है और दोनों आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है। आरोपियों के नाम वसीम, जिकिया और मासूक हैं।

भड़के सोशल मीडिया यूजर्स

अशोक कुमार यादव नाम के ट्विटर यूजर कमेंट करते हैं कि यह बिहार में होता तो सब लोग जंगलराज बोलने लगते। यूपी में नार्मल शब्दों पर आ जाते हैं, ऐसे लोगों को सख्त सजा देनी चाहिए। रविंद्र नाम के एक यूजर ने पूछा, ‘यूपी को रामराज्य बताने वाले योगी आदित्यनाथ को ऐसा वीडियो नहीं दिखाई दे रहा है?’ शहजाद नाम के ट्विटर यूजर पूछते हैं कि अमित शाह जी तो कहते हैं कि लड़कियां बाहर 12 बजे तक घूम सकती हैं। इस बात का जवाब से लेना चाहिए।