मुंबई का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है जिसमें एक महिला ब्रिज पर खड़ी होकर समुद्र में कूदने की बात कह रही है। हालांकि जिस वक्त महिला ब्रिज पर खड़ी थी, आस पास कई लोग मौजूद थे जो लगातार महिला को मनाने की कोशिश कर रहे थे लेकिन इसी दौरान एक पुलिसकर्मी ने मौका पाकर महिला को पकड़ लिया और उसे आत्महत्या करने से बचा लिया।

सुसाइड करने जा रही थी महिला

वीडियो में दिखाई दे रहा है कि एक महिला ब्रिज के दूसरी तरह रेलिंग पर खड़ी है और समुद्र में कूदने की बात कह रही है। कई लोग उसे ऐसा ना करने की बात कह रहे हैं लेकिन महिला अपनी जिद पर अड़ी हुई है। वहां कुछ पुलिसकर्मी भी दिखाई दे रहे हैं। एक तरफ जहां महिला लोगों से बात करने में व्यस्त होती है तो किनारे से एक पुलिसकर्मी लपककर महिला को पकड़ लेता है और वहां से निकाल लेता है।

पुलिसकर्मी ने बचाई जान

जैसे ही महिला ध्यान दूसरी तरफ गया, पुलिसकर्मी ने तत्परता दिखाते हुए महिला को पकड़ लिया और उसे बचा लिया। इस पूरे प्रकरण का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है और लोग पुलिसकर्मी की जमकर तारीफ कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि महिला पारिवारिक कलह से परेशान थी और आत्महत्या करने पहुंची थी। महिला को जब ब्रिज के दूसरे किनारे से निकालकर सड़क पर बैठाया गया तो वह रोने लगी।

महिला को बचाने वाले पुलिसकर्मियों की पहचान शिवाजीराव बाचरे, राजू दांडेकर, राठौड़ और तांबे के रूप में हुई है। सोशल मीडिया पर लोग मुंबई पुलिस के जवानों की खूब तारीफ कर रहे हैं और महिला की जान बचाने के लिए धन्यवाद कह रहे हैं।

एक ट्विटर यूजर ने लिखा, “पारिवारिक कलह से परेशान महिला की जान बचाने के लिए पुलिसकर्मियों का धन्यवाद।” एक अन्य ने लिखा, “जिस तरह मुंबई पुलिस के जवानों ने सूझबूझ से इस महिला की जान बचाई, उसकी जितनी तारीफ की जाए कम है।” वहीं एक अन्य ने लिखा, “आत्महत्या करने का ख्याल कुछ देर के लिए हावी होता है। अगर इस दौरान कोई बचा ले तो इंसान जान बच सकती है।”