गिरजेश गौड़, जीवित स्टेच्यू बनकर अपनी कलाकारी दिखाते हैं, उन्हें गोल्डन मैन के नाम भी जाना जाता है। इस वक्त सोशल मीडिया पर उनका एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें उनके साथ मुंबई पुलिस का एक जवाब बदसलूकी करता दिखाई दे रहा है। बताया जा रहा है कि वीडियो मुंबई के बैंडस्टैंड का है, जहां गिरजेश गौड़ स्टेच्यू बनकर लोगों का मनोरंजन कर रहे थे।
जानकारी के अनुसार, मुंबई के बैंडस्टैंड पर समुद्र के किनारे गिरजेश गौड़ अपनी कलाकारी दिखा रहे थे। बड़ी संख्या में वहां पर्यटक भी मौजूद थे, इसी दौरान मुंबई पुलिस का एक जवान वहां पहुंचता है और लाठी से गिरजेश गौड़ को भगाने लगता है। इतना ही नहीं, लाठी से मुंबई पुलिस का जवान गिरजेश को धक्का भी मारता है। इस पर वहां मौजूद लोग मुंबई पुलिस के जवान का विरोध करते हैं।
गिरजेश के साथ मुंबई पुलिस के जवान ने की बदसलूकी?
हालांकि मुंबई पुलिस का जवान लाठी लेकर गिरजेश पर हमला करने की कोशिश करता है लेकिन लोग बीच बचाव के लिए आ जाते हैं। इसके बाद मुंबई पुलिस का जवान गिरजेश को खींचकर ले जाने की कोशिश करता है लेकिन लोगों ने ऐसा नहीं करने दिया। लोगों ने आरोप लगाया कि मुंबई पुलिस का जवान नशे में था।
वहीं मुंबई पुलिस के डीसीपी ने कांस्टेबल के नशे में होने के दावों का खंडन किया है और स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक सुरक्षा चिंताओं के कारण भीड़ को तितर-बितर करना कांस्टेबल का कर्तव्य था। खुद को एक जीवित मूर्ति (Living Statue) के रूप में कलाकारी करने वाले गौड़ से पुलिस ने वहां से जाने के लिए कहा था लेकिन वह नहीं मानें, जिसके परिणामस्वरूप भीड़ को तितर-बितर करने के लिए बल का प्रयोग करना पड़ा।
हालांकि सोशल मीडिया पर लोग मुंबई पुलिस के जवान के व्यवहार को लेकर आक्रोश व्यक्त कर रहे हैं। एक ने लिखा, ‘जिन मुद्दों पर एक्शन लेना चाहिए उस पर मौन रहते हैं और गरीब हफ्ता न दे तो एक्शन ले लेते हैं। मैं बहुत ही ईमानदार पुलिस समझता था मुंबई पुलिस को लेकिन मुंबई में रहकर बहुत बार उनकी बेईमानी का सामना किया है। @Arunqatar2018 ने लिखा, ‘बांद्रा बैंडस्टैंड पर मुंबई के ‘गोल्ड मैन’ पर कथित पुलिस बर्बरता को लेकर बेहद चिंतित हूं।’
सोशल मीडिया पर तमाम लोगों ने इस वीडियो को देखने के बाद मुंबई पुलिस को कटघरे में खड़ा किया है। लोगों का कहना है कि जिस वक्त ये शख्स कलाकारी कर रहा था, उससे किसी को कोई नुकसान नहीं पहुंच रहा था तो उसे बेवजह क्यों परेशान किया गया? लोगों का कहना है कि जहां पुलिस को एक्शन लेना चाहिए वहां नहीं ले रही, और ऐसे कलाकारों का हौसला बढ़ाने की जगह परेशान कर रही है।
