गुजरात से दिल दुखाने वाली खबर सामने आई है। यहां एक मां अपने 5 साल के बेटे का धूमधाम से बर्थ डे मना रहीं थीं। वह स्टेज पर पति के साथ पार्टी एंजॉय कर रहीं थीं। इसी दौरान उन्हें हार्ट आया और उनकी मौत हो गई। इस घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जनसत्ता इस वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है। इस वीडियो को देखकर हर कोई हैरानी जता रहा है।

यह दुखद घटना वलसाड जिले का है। वापी के एक नामी होटल में बारोट परिवार बच्चे का जन्मदिन मना रहा था। वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि यामिनीबेन अपने बेटे का जन्मदिन मना रही हैं। पार्टी काफी धूम-धाम से रखी गई है। पार्टी के लिए काफी अच्छी सजावट की गई है। वहां काफी लोग मौजूद हैं। हर कोई पार्टी की लुफ्त उठा रहा है। काफी चहल-पहल है। गाना बज रहा है। लोग खा-पी रहे हैं। डांस कर रहे हैं। पार्टी में बच्चों से लेकर बुजुर्ग तक मौजूद हैं। सभी लोग जश्न मना रहे हैं। हर तरफ खुशियां है। बेटे के बर्थ डे को यादगार बनाने के लिए माता-पिता और पूरा परिवार लगा हुआ है।

स्टेज से उतरकर पति और बेटे के पास गईं थीं महिला

इसी बीच वीडियो में देखा जा सकता है कि बच्चे की मां स्टेज से नीचे उतर कर अपने पति के पास जाती हैं, उनके कंधे पर सिर रखती हैं औऱ अचानक नीचे गिर जाती हैं। पति उन्हें उठाकर स्टेज पर ले जाते हैं, उन्हें उठाने की कोशिश करते हैं मगर वे बेहोश हैं। आनन-फानन में उन्हें अस्पताल ले जाया जाता है जहां डॉक्टर महिला को मृत घोषित कर देते हैं। पता चलता है कि हार्टअटैक के कारण उनकी मौत हुई है।

पल भर में खुशियां मातम में बदल जाती हैं। परिवार गमगीन हो जाता है। पति औऱ बेटे के सामने महिला दम तोड़ देती हैं। बच्चे की मां को पता ही नहीं था कि वे अपने बेटे का आखिरी जन्मदिन मना रही हैं। बेटा अपनी मां के बारे में पिता से पूछ रहा होगा, एक झटके में एक हंसता-खेलता परिवार बिखर गया। इस घटना को जानकर लगता है कि सच में जिंदगी का कोई भरोसा नहीं है। इससे बुरा क्या होगी कि अपने जन्मदिन पर बेटे के सिर से मां का साया छिन गया।