कर्नाटक सरकार में मंत्री वी सोमन्ना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है जिसमें वह एक महिला को थप्पड़ मारते दिखाई दे रहे हैं। बताया जा रहा है कि वी सोमन्ना एक कार्यक्रम में लोगों को जमीन का मालिकाना हक बांट रहे थे। वायरल हो रहे वीडियो में कई महिला सुरक्षाककर्मी भी नजर आ रहे हैं, लेकिन जब महिला को थप्पड़ मारा गया तो हर कोई शांत रहा। इस वीडियो को देखने के बाद लोग सरकार और भाजपा पर भड़क गए हैं।

मंत्री ने महिला को जड़ा थप्पड़

जानकारी के अनुसार, घटना शनिवार 22 अक्टूबर शाम को कर्नाटक के चामराजनगर जिले के गुंडलुपेट तालुक में हुई, जहां कर्नाटक सरकार में इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट मिनिस्टर मंत्री वी सोमन्ना एक कार्यक्रम में शामिल हुए थे। आरोप लगाया गया कि लाभार्थियों का चयन सही तरीके से नहीं किया गया। महिला इसी बात से आक्रोश में थी। महिला जब मंत्री के पास पहुंची तो उन्होंने उसे एक थप्पड़ जड़ दिया। इसके बाद भी महिला ने मंत्री के पैर छुए।

वीडियो देख भड़क उठे लोग

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो पर लोग अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। हर्षवर्धन त्रिपाठी ने लिखा कि कर्नाटक की सरकार के हाउसिंग एवं इंफ्रास्ट्रक्चर विकास मंत्री, वी सोमन्ना का वीडियो वायरल है। इतना बेहूदा व्यक्ति मंत्री या जनप्रतिनिधि कैसे रह सकता है। इसे तुरंत मंत्रिमंडल से बर्खास्त किया जाना चाहिए। शैलेंद्र चौधरी नाम के यूजर ने लिखा कि कर्नाटक सरकार में मंत्री वी सोमन्ना ने फरियाद लेकर आई महिला थप्पड़ जड़ दिया। बीजेपी सरकार, बेशर्म, भ्रष्ट और अहंकार।

भीम आर्मी चीफ चंद्रशेखर आजाद ने लिखा कि कर्नाटक के चामराजनगर जिले में भाजपा के मंत्री वी.सोमन्ना के द्वारा फरियाद लेकर आई महिला को थप्पड़ मारना अशोभनीय कार्य। महिलाओं के सम्मान में, मैं इसकी कड़े शब्दों में निंदा करते हुए सत्ता के नशे में चूर अहंकारी मंत्री वी.सोमन्ना पर कार्यवाही की मांग करता हूं। मगेश ने लिखा कि महिलाओं के साथ BJP नेताओं द्वारा किये जा रहे लगातार अत्याचारों के बीच देश की महिला बाल विकास मंत्री स्मृति ईरानी जी कहां है?

Also Read

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो पर लोगों ने आक्रोश व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने मंत्री से इस पूरे घटनाक्रम पर स्पष्टीकरण मांगा है। उधर, कांग्रेस ने घटना की निंदा की और मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई से पूछा कि क्या मंत्री को बर्खास्त किया जाएगा? मिली जानकारी के मुताबिक, मंत्री ने अपने व्यवहार के लिए माफी मांगी, जबकि महिला ने भी बाद में दावा किया कि मंत्री ने उससे मदद का वादा किया था।