meerut brother killed sister: यह दुनिया अगर मिल भी जाए तो क्या है…वह सबसे सामने सड़क पर छोटी बहन का गला दबाता रहा औj लोग वीडियो बनाते रहे…इस घटना पर यकीन करना मुश्किल है कि क्या सच में लोग ऐसे बन चुके हैं। माना जाता है कि भाई-बहन का रिश्ता सबसे अलग होता है। कहा जाता है कि दुनिया का सबसे पवित्र रिश्ता भाई-बहन का होता है। हालांकि मेरठ की इस वारदात ने लोगों को सोचने पर मजबूर कर दिया है। यहां एक भाई ने अपनी बहन की बीच सड़क पर सरेआम गला दबाकर हत्या कर दी। वहां मौजूद लोग उसे ऐसा करते हुए देखते रहे, लेकिन किसी ने बचाने की कोशिश नहीं की।
आरोपी लड़का सिर्फ 20 साल का है। ऐसा नहीं है कि उसे रोका नहीं जा सकता था। लोगों के लिए वह सिर्फ एक तमाशा था। मामला यूपी के मेरठ जिले का है। जहां नगला शेखू गांव में एक 20 साल के भाई ने 16 साल की बहन की गला दबाकर हत्या कर दी।
भाई ने क्यों की बहन की हत्या?
असल में भाई को पता चल गया था कि उसकी बहन अपने प्रेमी के साथ भागने की योजना बना रही थी। प्रेमी उसी गांव का रहने वाला है और वह हिंदू है और लड़की मुस्लिम थी। रोंगटे खड़ा करने वाला यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। आरोपी भाई की पहचान 20 साल की हसीन के रूप में हुई है। फिलहाल पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। वह इलेक्ट्रीशियन का काम करता है।
रिपोर्ट्स के अनुसार, मुस्लिम परिवार की लड़की हिंदू लड़के से प्यार करती थी और उससे शादी करना चाहती थी। लड़की के घरवाले इस बात से नाराज थे। कुछ दिन पहले ही लड़की अपने प्रेमी के साथ घर से भाग गई थी। इसके बाद पुलिस दोनों को वापस लेकर आई। लड़की नाबालिग थी तो पुलिस ने उसे परिजनों को सौंप दिया।
किसी और की नहीं होना चाहती थी लड़की
रिपोर्ट के मुताबिक, परिवार ने सामाजिक कलंक के कारण लड़की के प्रेमी के खिलाफ शिकायत दर्ज नहीं कराई। वहीं दूसरी तरफ लड़की अपने परिवार के खिलाफ जाकर प्रेमी से शादी करना चाहती थी। जानकारी के अनुसार, लड़की के परिवार वालों ने उसकी शादी कहीं और तय कर दी थी। हालांकि लड़की प्रेमी से शादी करने पर अड़ी थी। वह किसी भी हाल में किसी और से शादी नहीं करना चाहती थी।
कमजोर दिल वाले इस वीडियो को ना देखें
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि पीड़िता सड़क पर गिरी हुई है और आरोपी भाई उसका गला दबा रहा है। वहां आस-पास खड़े लोग तमाशा देख रहे हैं। वहां मौजूद कोई भी शख्स लड़की को बचाने की कोशिश नहीं करता है। कोई भी आरोपी को रोकता भी नहीं है। घटना वाली जगह पर कुछ बच्चे भी खडे हैं और आरोपी को गला दबाते हुए देख रहे हैं।
”पिता की इज्जत बचानी थी तो…”
वीडियो में आरोपी को यह कहते हुए सुना जा सकता है, “हमारे पिता की इज्जत बचाने के लिए क्यों कोई ये नहीं करेगा? हमारे पिता मर जाते। वह तीन बार घर से भाग चुकी थी।” जानकारी के अनुसार, लड़की के भाई को जब पता चला कि वह अपने प्रेमी के साथ जाने की योजना बना रही है तो उसने बहन को समझाने की कोशिश की मगर वह नहीं मानी। वह घर से बाहर निकली थी लेकिन भाई ने उसका पीछा किया और उसे सड़क पर पीटने लगा। इसके बाद उसे गला दबाकर बहन की हत्या कर दी। आस-पास लोगों की मौजूदगी में लड़की ने दम तोड़ दी।