दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने गुजरात दौरे के दौरान कहा कि दिल्ली के स्कूलों के स्तर में सुधार के लिए मनीष सिसोदिया को भारत रत्न मिलना चाहिए लेकिन राजनीतिक उद्देश्यों के लिए उन्हें परेशान किया जा रहा है। अरविंद केजरीवाल के इस बयान पर गीतकार मनोज मुंतशिर में एक ट्वीट किया। जिस पर लोग तरह-तरह के रिएक्शन देते नजर आ रहे हैं।

मनोज मुंतशिर का ट्वीट

मनोज मुंतशिर ने लिखा कि मैं मनीष सिसोदिया जी को भारत रत्न देने का समर्थन करता हूं लेकिन पहले निम्नलिखित विभूतियों से भारत रत्न वापस लिया जाए। इनका नाम मनीष जी के साथ जंचता नहीं है। सर्वश्री अटल बिहारी वाजपेई, नानाजी देशमुख, मदन मोहन मालवीय, सचिन तेंदुलकर, सर्वपल्ली राधाकृष्णन, सुश्री लता मंगेशकर।’ गीतकार के इस ट्वीट पर कुछ लोगों ने उनका समर्थन किया है तो वहीं कुछ लोगों ने तंज कसा है।

लोगों की प्रतिक्रियाएं

नीरज जैन नाम के टि्वटर यूजर ने मनोज मुंतशिर के ट्वीट पर लिखा कि केजरीवाल सिसोदिया जी को भारत रत्न भ्रष्टाचार के लिए रिकमेंड कर रहे थे। ना कि देश हित और समाज हित में किए गए अपने सर्वोच्च बलिदान के लिए। प्रवीण खंडेलवाल नाम के ट्विटर यूजर द्वारा लिखा गया, ‘ एकदम सटीक बात मनोज मुंतशिर जी, भारत रत्न रेवड़ी नहीं है जो यूं ही हर किसी को मिल जाए। यह देश का अप्रतिम गौरव एवं सम्मान है। यह कथित मांग रेवड़ी कल्चर की मानसिकता को प्रतिबिंबित करता है।’

आरती सिंह नाम की एक ट्विटर यूजर हंसने वाली इमोजी के साथ सवाल करती हैं – आप से समर्थन मांग कौन रहा है? सचिन त्रिपाठी नाम के ट्विटर यूजर कमेंट करते हैं कि आपको दिल्ली आकर वहां के स्कूलों को देखना चाहिए, वैसे आप से कौन समर्थन मांग रहा है? रूपेश सेठ इनाम के ट्विटर यूजर ने अरविंद केजरीवाल के बयान पर तंज कसते हुए लिखा, ‘सिसोदिया को भारत रत्न? ये तो सत्येंद्र जैन के साथ अन्याय होगा।’

केजरीवाल ने दिया था ऐसा बयान

आम आदमी पार्टी के संयोजक केजरीवाल ने कहा था कि मनीष सिसोदिया को दिल्ली के स्कूलों में शिक्षा के स्तर में सुधार के लिए भारत रत्न देना चाहिए लेकिन उन्हें परेशान किया जा रहा है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि न्यूयार्क टाइम्स ने भी हमारे शिक्षा मॉडल की सराहना की है। उन्होंने मीडिया से बातचीत में अभी कहा कि उनकी सराहना करने के बजाय उन्हें निशाना बनाया जा रहा है।