तमिलनाडु में बिहारी के मजदूरों को लेकर गलत खबर फैलाने के आरोप में बिहार पुलिस ने मनीष कश्यप पर FIR दर्ज की थी, जिसके बाद से वह फरार चल रहा था। 18 मार्च को मनीष कश्यप ने बिहार के जगदीशपुर थाने में आत्मसमर्पण कर दिया है। थाने और हवालात में बैठे मनीष कश्यप की तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। मनीष कश्यप के सरेंडर करने पर सोशल मीडिया पर लोग तरह-तरह की टिप्पणी कर रहे हैं।

बिहार पुलिस ने ट्वीट कर दी जानकारी

बिहार पुलिस ने ट्वीट कर बताया कि तमिलनाडु में कामकाजी बिहार के निवासियों के लिए असत्य, भ्रामक एवं उन्माद फ़ैलाने वाले वीडियो को प्रसारित करने एवं आर्थिक अपराध थाना कांड सं0 3/23 तथा 4/23 के अभियुक्त मनीष कश्यप ने बिहार पुलिस एवं EOU के दबिश के कारण बेतिया के जगदीशपुर थाने में आत्मसमर्पण किया है। इसकी जानकारी सामने आते ही सोशल मीडिया लोगों की तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।

यूजर्स की प्रतिक्रियाएं

दिलीप मंडल ने लिखा कि बागेश्वर बाबा धीरेंद्र न अपने सगे भाई की गिरफ़्तारी रोक पाया, न मनीष कश्यप की। फिर भी लोगों को लगता है कि वह चमत्कारी है। यही कलियुग का आश्चर्य है। @MaithilAnup यूजर ने लिखा कि यूट्यूबर मनीष कश्यप ने मर्जी से नहीं, मजबूरी में सरेंडर किया है, जब उनके घर की कुर्की होने लगी। बिहार पुलिस द्वारा इस मामले में कुछ ज्यादा ही पक्षपातपूर्ण कार्रवाई कर रही है। हत्या के आरोपी व्यक्ति के घर इन्हें कुर्की करने में महीनों लग जाता है।

@PDezi यूजर ने लिखा कि जो मनीष कश्यप के साथ हो रहा है यदि वही किसी मुस्लिम पत्रकार के साथ होता तो देश में लोकतंत्र और मुस्लिम दोनों खतरा में होता। शुक्र है भगवान का हमारे देश का लोकतंत्र बच गया। @MrSinha_ यूजर ने लिखा कि बहुत बढ़िया काम। चाहे सारे अपहरणकर्ता, हत्यारे, चोर, डकैत बच जाएं पर ऐसे खूंखार ट्वीट करने वाले लोग बचने नहीं चाहिए। दीपक कुमार नाम के यूजर ने लिखा कि आप ट्विटर पर सक्रियता दिखाते रहे, गिरफ्तार नहीं कर सके। मनीष कश्यप ने देश भ्रमण के बाद सरेंडर किया है, ये बिहार पुलिस की नाकामी है।

बता दें कि मनीष कश्यप पर तमिलनाडु में बिहारी मजदूरों पर हो रहे हमले की फर्जी खबर फैलाने का आरोप है। इस मामले में तमाम लोगों के साथ मनीष कश्यप पर भी पुलिस ने FIR दर्ज की थी, जिसके बाद से ही वह फरार चल रहा था। बताया जाता है कि मनीष कश्यप के खिलाफ कुर्की की कार्यवाही शुरू हुई थी। उसके कुछ देर बाद ही उसने सरेंडर कर दिया।