बच्चों का जन्मदिन मनाने के लिए बाजार में तमाम तरह की चीजें मौजूद हैं। कैंडल के बाद अब फायर गन का कल्चर भी बढ़ने लगा है। केक काटते समय बच्चे फायर गन की खूब डिमांड करते हैं, हालांकि इससे दुर्घटना भी अधिक होने की संभावना रहती है और कई बार घटनाएं हो भी जाती है। इसी तरह एक दुर्घटना का वीडियो सामने आया है।
वीडियो महाराष्ट्र के वर्धा का बताया जा रहा है, जहां एक युवक की बर्थडे पार्टी में शामिल होने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे थे। वहां बच्चे भी मौजूद थे। एक टेबल पर कई केक रखे हुए हैं। बर्थडे बॉय के ऊपर लोग स्प्रे छिड़कते हुए दिखाई दे रहे हैं। इसी बीच दो लोग फायर गन भी शुरू कर देते हैं। इससे युवक के चेहरे पर आग लग जाती है।
आग लगते ही बर्थडे बॉय इधर-उधर भागने लगता है, लोग उसे बचाने की कोशिश करते हैं। फायर गन चला रहे लड़के गन को हटाते हैं और आग बुझाते हैं। वीडियो के खत्म होने से पहले युवक के चेहरे पर लगी आग बुझ जाती है और वह बाल-बाल बच जाता है। हालांकि बर्थबॉय को अस्पताल में भर्ती करवाना पड़ा।
बताया जा रहा है कि आग लगने से युवक के कारण युवक का चेहरा जल गया और उसे अस्पताल में भर्ती होना पड़ा। आग लगने से युवक के कान, नाक और कुछ बाल जल गए। समय रहते आग पर काबू पा लिया गया वरना यह घटना और बड़ी हो सकती थी। बर्थडे बॉय का नाम ऋतिक वानखेड़े है और वह अपने दोस्तों के साथ केक काटकर अपना जन्मदिन मना रहा था।
सोशल मीडिया पर यह वीडियो वायरल हो रहा है और लोग इस पर तरह-तरह के कमेंट्स कर रहे हैं। एक यूजर ने लिखा कि थोड़ी सी लापरवाही कैसे जानलेवा बन सकती है, इसका ये उदाहरण है। एक अन्य यूजर ने लिखा कि यह वीडियो हम सबके लिए सबक है कि बच्चों के पास फायरगन और स्प्रे दूर रखना चाहिए। एक यूजर ने लिखा, “लोग इतने आधुनिक होते जा रहे हैं कि उन्हें जन्मदिन में स्प्रे भी मारना है और आग भी जलानी है तो दुर्घटनाएं तो होंगी ही।”