मध्य प्रदेश के देवास जिले में एक तेंदुआ एक गांव में घुस गया। ग्रामीण तेंदुए के साथ सेल्फी लेते, उसकी सवारी करते दिखाई दे रहे हैं। सोशल मीडिया पर इसका वीडियो वायरल हो रहा है। वीडियो में ग्रामीण तेंदुए को परेशान करते और उसके साथ पालतू जानवर जैसा व्यवहार करते दिखाई दे रहे हैं। बताया जा रहा है कि तेंदुआ बीमार था, इसलिए वह शांत था।
तेंदुए के साथ खेलते नजर आ रहे ग्रामीण
वीडियो में देखा जा सकता है कि तेंदुआ धीरे-धीरे चल रहा है और ग्रामीण उसके अगल-बगल खड़े दिखाई दे रहे हैं। कुछ लोग उसका वीडियो बना रहे हैं तो एक शख्स तेंदुए के ऊपर बैठता भी दिखाई दे रहा है। वीडियो देवास जिले के इकलेरा का बताया जा रहा है। वन क्षेत्राधिकारी ने बताया गया कि तेंदुए की हालत गंभीर थी, ग्रामीण फिर भी उसे परेशान कर रहे थे।
‘बीमार दिखाई दे रहा था तेंदुआ’
वन क्षेत्राधिकारी संतोष शुक्ला ने बताया कि टीम दो साल के तेंदुए को इलाज के लिए भोपाल के वन विहार ले गई है। वहीं एक अन्य अधिकारी ने बताया कि तेंदुआ काफी बीमार था, वह ठीक से चल भी नहीं पा रहा था लेकिन अब उसका इलाज चल रहा है और जल्द ठीक होने की उम्मीद है।
सोशल मीडिया यूजर्स की प्रतिक्रियाएं
IFS अधिकारी प्रवीण कासवान ने लिखा, ‘इसमें में जंगली जानवर कौन है? इस तरह के जंगली जानवरों के साथ कभी ना करें, वह बहुत खतरनाक होती हैं।’ एक अन्य ने लिखा, ‘जानवर इंसानों जैसा व्यवहार कर रहा है और वो इंसान जानवरों जैसा व्यवहार कर रहे हैं। मुझे यकीन नहीं है कि वह इतनी शांत क्यों है, लेकिन इससे इंसानों को उसके साथ खेलने का अधिकार नहीं मिल जाता।’
एक अन्य ने लिखा, ‘तेंदुए की हालत ठीक नहीं है, इसीलिए ये लोग उसके साथ खेल रहे हैं। अगर वो ठीक होता है तो ये लोग उसको दिखाई तक ना देते।’ अतीक पटेल नाम के ट्विटर यूजर ने लिखा, ‘ये तेंदुआ हमें सबक देता है कि, जब हालत खराब हो, सितारे गर्दिश में हो तो तब खामोश रहना ही बेहतर है।’ एक ने ने लिखा, ‘इंसान कैसे जानवर बन रहा है, उसका ये जीता जागता उदाहरण है।’ एक अन्य ने लिखा, ‘ग्रामीणों को जानवरों के बारे में बताये जाने की बहुत सख्त जरूरत है।’