मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं, इसके मद्देनजर छोटी-छोटी बातों पर भी जमकर राजनीति हो रही है। सरकार की छोटी सी गलती पर भी विपक्ष तंज कसते दिखाई दे रहा है। अब कलेक्टर के सोशल मीडिया अकाउंट से सरकार विरोधी पोस्ट को शेयर किए जाने पर विवाद खड़ा हो गया है। कांग्रेस ने इस पर मध्य प्रदेश सरकार पर तंज कसा है।

कलेक्टर के अकाउंट से पोस्ट हुआ था शेयर

मध्य प्रदेश के बैतूल कलेक्टर के आधिकारिक ट्विटर अकाउंट से सरकार विरोधी एक ट्वीट शेयर किया, जिसमें लिखा था, ‘जनता अब भ्रष्टाचारी सरकार को सत्ता से बाहर कर देगी।’ कलेक्टर के ट्विटर अकाउंट से शेयर किए गये इस पोस्ट से जब हंगामा मचा तो ट्विटर हैंडल करने वाले कर्मचारी पर एक्शन लिया गया। इतना ही नहीं, इस मामले में एक FIR भी दर्ज करवाई गई है।

कांग्रेस ने कसा तंज

कांग्रेस ने इस घटना पर ट्वीट कर लिखा, ‘शिवराज जी, श्योपुर और बैतूल के कलेक्टरों ने जनता को इशारा कर दिया है। अब मध्यप्रदेश से आपका 50% कमीशन राज जाने वाला है।’ कुणाल चौधरी ने लिखा, ‘कलेक्टर बैतूल और मुख्य सचिव मध्यप्रदेश सरकार के सुपुत्र के साथ ही श्योपुर कलेक्टर ने खोली भ्रष्टाचार की पोल। हर गांव में घोटाले, 50% कमीशन वाली भ्रष्टाचारी भाजपा सरकार को जनता बाहर कर देगी।’

एक ट्विटर यूजर ने कांग्रेस के ट्वीट पर लिखा, ‘फर्जी न्यूज़ मत फैलाइए, भाजपा सरकार की प्रतिज्ञा है भ्रष्टाचार को समाप्त करने के लिए।’ रक्षा राजपूत ने लिखा, ‘घोटालेबाज कांग्रेस सरकार दूसरों पर आरोप लगाते हुए अच्छी नहीं लगती।’ एक ट्विटर यूजर ने लिखा, ‘सोशल मीडिया ऑपरेट करने वालों से ऐसी गलतियां हो जाती हैं, इसमें कोई बड़ी बात नहीं है। इस पर इतना हंगामा करने की जरूरत नहीं है।’

बता दें कि जिस पोस्ट को बैतूल के कलेक्टर के X अकाउंट से शेयर किया गया उसमें एक पोस्टर भी लगाया है जिसमें 86 हजार करोड़ के घोटाले का जिक्र किया गया है। इसके कैप्शन में लिखा गया है कि ‘जनता अब भ्रष्टाचारी सरकार को सत्ता से बाहर कर देगी।’ कलेक्टर के संज्ञान में मामला आते ही हडकंप मच गया।