पंजाब में भगवंत मान की सरकार आने के बाद एक बार फिर से खालिस्तान समर्थक सक्रिय नजर आ रहे हैं। पंजाब के भटिंडा में सरकारी कार्यालय की दीवार पर खालिस्तान समर्थक नारे लिखे गए। वहीं होशियारपुर में खालिस्तान समर्थकों ने रैली निकाली और देश विरोधी नारे भी लगाए। इसको लेकर कवि कुमार विश्वास ने आम आदमी पार्टी पर तंज कसा है।
पंजाब में लगे देश विरोधी नारे
पंजाब के होशियारपुर में खालिस्तानी समर्थकों ने एक रैली निकालकर भारत विरोधी और पंजाब बनेगा खालिस्तान जैसे नारे लगाए। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इन नारों के पीछे प्रतिबंधित खालिस्तानी आतंकी संगठन ‘सिख फॉर जस्टिस’ की भूमिका सामने आई है। इसका दावा खुद आतंकी संगठन के चीफ गुरपतवंत सिंह पन्नू ने किया है। कवि कुमार विश्वास के साथ आम सोशल मीडिया यूजर्स ने भी भगवंत मान सरकार पर कई तरह के सवाल उठाए हैं।
कुमार विश्वास ने यूं कसा तंज
सोशल मीडिया पर सामने आए इस वीडियो पर कवि कुमार विश्वास ने अपने ट्विटर हैंडल के जरिए तंज कसते हुए लिखा, ‘ उसने सही कहा था, धीमे – धीमे लोगों को इन खबरों की आदत पड़ जाती है और वैसे भी चुनाव दूर हो तो वो कर भी क्या सकते हैं। लोगों को लालच में फंसा कर रखो और अपने तय एजेंडे को धीरे-धीरे पूरा करते रहो। इसलिए अब ये सब पोस्ट करने से कोई फायदा नहीं।’
लोगों की प्रतिक्रियाएं
दिव्या गौरव त्रिपाठी नाम की एक ट्विटर यूजर कमेंट करती हैं – फायदे नुकसान की बात नहीं है भैया। बोलना तो पड़ेगा, चुप नहीं रह सकते। आप ही कहते हैं ना कि हमें अपने हिस्से का भारत बनाना है। सब मिलकर बोलते रहेंगे तो सुनने की आदत भी बदल सकते हैं। प्रमिला नाम की एक ट्विटर यूजर ने लिखा, ‘पंजाब के पैसे से गुजरात में चुनाव लड़ा जा रहा है। साम्राज्य विस्तार के लिए जनता के टैक्स के पैसे यूज किए जा रहे हैं, लोग नशे का शिकार हो रहे हैं और अलगाववादी ताकते सर उठा रही है। लेकिन इन सब से अनजान पंजाब के सीएम गुजरात में गरबा खेल रहे हैं।
कुमार विश्वास ने अरविंद केजरीवाल पर लगाया था ऐसा आरोप
पंजाब चुनाव के समय कुमार विश्वास ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर आरोप लगाया था कि जब वह पार्टी में थे तो खालिस्तानी लोग उनसे मिलने दिल्ली आते थे और पंजाब को लेकर चर्चा करते थे। कुमार विश्वास ने कहा था, ‘ अरविंद केजरीवाल हमेशा से ही खालिस्तान के समर्थन में रहे हैं। जब मैं उनके साथ था तो वह मुझे अपनी योजनाओं के बारे में बताते रहते थे। एक दिन उन्होंने मुझसे कहा था कि मैं या तो पंजाब राज्य का सीएम बनूंगा या फिर आजाद राष्ट्र का पहला पीएम बनूंगा।’