देश के जाने माने कवि कुमार विश्वास अक्सर अपने बयानों और टिप्पणियों को लेकर सुर्ख़ियों में रहते हैं। राहुल गांधी की सदस्यता जाने पर पूरे देश में इसकी चर्चा हो रही है, कांग्रेस जमकर इसका विरोध कर रही है। वहीं इसी बीच कुमार विश्वास का एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें वह राहुल गांधी की सदस्यता जाने पर टिप्पणी कर रहे हैं। वीडियो में कुमार विश्वास कह रहे हैं कि सदस्यता जाने से कुछ नहीं होता है।

राहुल गांधी पर क्या बोले कुमार विश्वास?

वीडियो में कुमार विश्वास ने कहा है कि कांग्रेस के लोग आज कल संकट में हैं, क्योंकि उनका सेनापति मुश्किल में आ गया है। उनकी सदस्यता समाप्त कर दी गई है। कहा गया कि बहुत यात्रा करते हो, अब जाओ परमानेंट यात्रा करो, लेकिन कांग्रेस और भाजपा वालों से एक बात कहना चाहता हूं कि सदस्यता से कुछ नहीं होता है। निकाला हुआ आदमी हमेशा यश और विजय लाता है, अगर पुरुषार्थ ठीक से किया जाए।

भगवान राम का दिया उदाहरण

कुमार विश्वास ने आगे कहा है कि दुनिया में जितनी भी क्रांतियां हुई हैं, समूहों में नहीं हुई हैं बल्कि निष्काषित लोगों ने की है और भगवान राम इसके सबसे बड़े प्रतीक है। कुमार विश्वास ने कहा कि अयोध्या का राजकुमार, अगर महल में रह जाता तो राजकुमार रहता लेकिन निष्कासन के बाद जंगल-जंगल भटककर वापस लौटे तो मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्रीराम बन गए। सोशल मीडिया पर इस वीडियो को शेयर कर लोग तरह-तरह की टिप्पणी कर रहे हैं।

लोगों की प्रतिक्रियाएं

@ActivistSandeep यूजर ने लिखा कि राहुल गांधी को लेकर जो कुमार विश्वास ने कहा, दूर तक जाना चाहिए। @8PMnoCM यूजर ने लिखा कि कविराज पायलट को उकसा रहे हैं। अवधेश नाम के यूजर ने लिखा कि बोलना आसान है बाकी सच्चाई ये है कि मोदी सरकार लाने में और राहुल गांधी जी की छवि खराब करने में इनके जैसे लोगों का ही हाथ था। @mukundhari27 यूजर ने लिखा कि कुमार विश्वास ने कह दिया तो ख़ुशी के मारे कांग्रेस वाले पगलाए जा रहे हैं।

@iammanishmahesh यूजर ने लिखा कि राहुल गांधी के बारे में ये भविष्यवाणी है, महोदय एक बार पहले भी मोदी जी के बारे में भी भविष्यवाणी कर चुके हैं। एक यूजर ने लिखा कि राहुल गांधी जी की मेहनत एक दिन जरूर रंग लाएगी। एक अन्य यूजर ने लिखा कि कांग्रेस वालों को राहुल गांधी से सावधान रहना चाहिए, इनकी बातों में नहीं आना चाहिए। ये कब अपना बयान बदल लें किसी को पता नहीं।