कांग्रेस भाजपा को घेरने की पूरी तैयार कर रही है। भारत जोड़ो यात्रा से पहले दिल्ली में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इस कार्यक्रम में राहुल गांधी कार्यकर्ताओं को संबोधित करने वाले हैं। इसी बीच कांग्रेस नेता कन्हैया कुमार का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है और इस वीडियो में कन्हैया कुमार पीएम मोदी पर तंज कसते नजर आ रहे हैं। 

क्या बोले कन्हैया कुमार?

कन्हैया कुमार कह रहे हैं कि हर बात में आप कांग्रेस का नाम ले लेते हैं। कांग्रेस राज में दंगे हुए स्वीकार करता हूं लेकिन मनमोहन सिंह जी ने संसद में खड़े होकर देश से सिक्ख दंगों के लिए सिक्खों से माफी मांगी थी और कहा था कि गलत हुआ था। मोदी जी में हिम्मत है तो मुसलामानों से माफ़ी मांगे। उदयपुर की घटना का जिक्र करते हुए कन्हैया कुमार ने कहा कि उदयपुर की घटना अगर उत्तर प्रदेश में हुई होती तो क्या मीडिया ऐसे ही बात करती?

नेहरू का जिक्र कर पीएम मोदी पर तंज

कन्हैया कुमार ने कहा कि अगर हम सच्चाई का सामना करना चाहते हैं तो सच्चाई यही है कि आज हमारे ऊपर कितना भी जुल्म किया जाए लेकिन हमें इस बात का गर्व है कि ना हमें कोई खरीद सकता है और ना कोई डरा सकता है। आज मसला मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री का नहीं है। मसला इस बात का है कि कौन ईमानदारी से सरकार चला रहा है। अगर नेहरू जी भी मोदी जी की तरह तानाशाही करते तो मोदी जी पीएम बन पाते? यही इस देश की राजनीतिक विरासत है।

लोगों की प्रतिक्रियाएं 

रविन्द्र पाल नाम के यूजर ने लिखा कि जब तानाशाही ही है तो राहुल जी को बोलो क्यों समय बर्बाद कर रहे हैं यात्रा निकाल कर? तानाशाह तो जीते जी हटेगा नहीं! एक यूजर ने लिखा कि अगर मोदी जी तानाशाह होते तो तुम इस तरह भला-बुरा बोल पाते? सूर्य भूषण नाम के यूजर ने लिखा कि सवाल ये होना चाहिए अगर मोदी तानाशाह है तो आज कन्हैया कुमार सवाल कर पाते?
समीर सिंह नाम के यूजर ने लिखा कि नेहरु जी बनना हर किसी के बस की बात नहीं है। नेहरू एक समाजवादी विचार के साथ लोकतांत्रिक व्यवस्था के कट्टर समर्थक थे।

संदीप कुमार नाम के यूजर ने लिखा कि अगर मोदी जी तानाशाह होते तो तुम जैसे विवादित लोग आज खुले आम मोदी जी के विरोध में इतना कुछ नहीं बोल पाते। मनोज नाम के यूजर ने लिखा कि मोदी खुद स्वीकार करते हैं एक चाय बेंचने वाला पीएम बना, ये लोकतंत्र की शक्ति है! ये अलग मसला है कि मोदी जी लोकतंत्र की आड़ में बड़ी खूबसूरती से तानाशाही चला रहे हैं! आम नागरिकों और मीडिया की बात छोड़िए, पीएम मोदी भाजपा नेताओं को भेड़, बकरियों की तरह चलाते हैं।