फेसबुक पर अभद्र भाषा का इस्तेमाल और फेक न्यूज के प्रसार पर रोक लगाना एक बड़ी चुनौती है। कई जानी-मानी हस्तियों के खिलाफ फेसबुक पर अमर्यादित भाषा के इस्तेमाल से जुड़ी कई खबरें अक्सर आती रहती हैं। आज हम आपको एक ऐसी महिला से रुबरु कराएंगे जो फेसबुक पर गलत भाषा का इस्तेमाल करने वाले लोगों को सबक सिखाने के लिए विख्यात हैं। चंडीगढ़ हाईकोर्ट में जुडिशियल ऑफिसर के पद पर तैनात दीपिका देशवाल की पहचान एक रेसलर के तौर पर भी है। दीपिका देशवाल रेसलिंग में गोल्ड मेडलिस्ट रह चुकी हैं और कुश्ती के मैदान में कई सूरमाओं को धूल चटा चुकी हैं। लेकिन दीपिका सिर्फ अखाड़े की माहिर पहलवान नहीं हैं बल्कि वो फेसबुक पर उनके खिलाफ अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने वालों को भी चारों खाने चित कर देने के लिए जानी जाती हैं।
दीपिका ने गुजरे 1 महीने में ऐसे तीन लोगों को कानून के तहत सजा दिलाई है जो उनके खिलाफ फेसबुक पर अश्लील शब्दों का इस्तेमाल करते हैं। दीपिका ने दावा किया है कि सबसे पहले उन्होंने पड़ोसी मुल्क पाकिस्तान के रहने वाले एक शख्स को उसकी करनी की सजा दिलवाई। दीपिका के मुताबिक इस शख्स ने फेसबुक पर उनके खिलाफ गलत शब्दों का इस्तेमाल किया था। दीपिका ने इसकी शिकायत तुरंत पाकिस्तान पुलिस से की थी। पाकिस्तान पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए कुछ ही घंटों के अंदर इस शख्स को दबोच लिया था।
बाद में इस शख्स ने वीडियो के जरिए दीपिका से माफी भी मांगी। इसी तरह पश्चिम बंगाल के एक शख्स को भी दीपिका ने कानून के हवाले कराया था। इसके अलावा उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले का रहने वाला एक शख्स फेसबुक पर फेक आईडी बनाकर दीपिका समेत कुछ लड़कियों से अश्लील बातें कर रहा था। दीपिका ने इस शख्स की शिकायत भी पुलिस से की। जिसे पुलिस ने बाद में गिरफ्तार कर लिया।
दीपिका फेसबुक के अलावा समाज में महिलाओं पर अत्याचार करने वालों के खिलाफ भी आवाज बुलंद करती रहती हैं। दीपिका हरियाणा के बहादुरगढ़ के दशहेर खेड़ी गांव की रहने वाली हैं। गांव में भी उनकी जाबांजी और दिलेरी की चर्चा अक्सर होती रहती है।