सोशल मीडिया के जरिए कुछ लोग रातों-रात दुनिया के हर कोने में पहुंच जाते हैं। ऐसा ही एक वीडियो सोशल मीडिया पर खूब सुर्खियां बटोर रहा है। इस वीडियो में मैकडॉनल्ड्स में काम करने वाला प्रदीप मेहरा नाम का एक लड़का 12 बजे सड़क पर दौड़ लगाते दिखाई दे रहा है। इस लड़के को लेकर सोशल मीडिया पर हर कोई लिख रहा है कि इस वीडियो को अपने बच्चों को जरूर दिखाना चाहिए।
यह वीडियो फिल्ममेकर विनोद कापड़ी के ट्विटर हैंडल से शेयर किया गया है। जिसमें देखा जा सकता है कि एक लड़का अपने कंधे पर बैग लिए हुए सड़क पर दौड़ रहा है। फिल्ममेकर जब उसे घर छोड़ देने की बात कहते हैं तो वह मना कर देता है। इसके साथ ही उसने जानकारी दी कि वह सेना में जाने की तैयारी कर रहा है और अपनी मां के इलाज के लिए नौकरी भी कर रहा है।
लोगों की प्रतिक्रिया : इंटरनेट पर छाए इस वीडियो पर लोग अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं। कुछ लोगों ने मदद के लिए भी हाथ बढ़ाएं हैं और वहीं कुछ लोगों ने शाबाशी दी। सपा नेता राजीव राय ने कमेंट किया कि, ‘ देश की उम्मीद ऐसे बच्चे हैं, अगर यह मान जाए तो हम इसे और बढ़ाने और सफलता पाने तक इसकी हर जिम्मेदारी उठाने के लिए तैयार हैं और मां का इलाज भी।’ पत्रकार अभिनव पांडे ने कमेंट किया – तुमको दुनिया पहचान गई दोस्त। खूब सारी दुआएं।
विक्रांत गुप्ता ने कमेंट किया कि यह एक दिन जरूर जीतेगा। मनीष सिसोदिया नाम के एक यूजर ने लिखा कि अनगिनत बार देखकर भी मन नहीं भर रहा है। इतनी साफगोई और खुद्दारी महज 19 साल की उम्र में मेरी तो बिसात ही क्या, बड़े – बड़े IAS, राजनेता भी शायद छोटा महसूस करें, इस बच्चे के जज्बे और लगन के आगे। शिवांगी ठाकुर लिखती हैं कि आज मैंने इंटरनेट पर सबसे बेहतरीन चीज देखी है।
IAS अविनाश शरण ने कमेंट किया कि अगर ऐसा जज्बा हो तो कुछ भी नामुमकिन नहीं। ढेरों शुभकामनाएं। नीरज पांडे लिखते हैं, ‘ वाह, इस जमाने में ऐसे कितने किरदार हैं, जिन्हें नजदीक से झांका तो केवल प्रेरणा ही मिलती है।’ शंकर सिंह नाम के एक टि्वटर हैंडल से लिखा गया कि 19 साल के इस लड़के ने मेरी पूरी बॉडी को मोटिवेशन से भर दिया है। इस बार वीडियो के जरिए कुछ सोशल मीडिया यूजर्स ने नरेंद्र मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा है कि सेना में तैयारी कर रहे बच्चों के लिए जल्द ही वैकेंसी निकालनी चाहिए।