महिलाओं और बच्चियों के खिलाफ मारपीट और छेड़छाड़ की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला राजस्थान की राजधानी जयपुर का है जहां एक लड़के ने दिनदहाड़े राह चलती एक लड़की को थप्पड़ जड़ दिया। इसके बाद लड़की ने भी जवाब में लड़के की धुनाई कर दी। मजबूरन लड़के को वहां से बाइक लेकर भागना पड़ा। यह पूरी घटना एक राहगीर ने अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर ली जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
लड़के को थप्पड़ के बदले मिली चप्पल
जानकारी के मुताबिक, वायरल वीडियो जयपुर के चाकसू इलाके का है। वीडियो में देखा जा सकता है कि एक युवक जो कि बाइक पर सवार था वह तीन लड़कियों से उलझ रहा है। वीडियो की शुरुआत ही उस लड़के और तीन लड़कियों के बीच कहासुनी से होती है लेकिन फिर लड़का बाइक से उतरकर पिंक टॉप वाली लड़की को एक थप्पड़ मार देता है। इसके बाद उस लड़की ने भी जवाब में अपनी चप्पल उतारकर लड़के की धुनाई कर दी। इस दौरान अन्य दो लड़कियां भी उसकी पिटाई शुरू कर देती हैं। मजबूरन लड़के को वहां से भागना पड़ता है।